महिला नेतृत्व, आधुनिक तकनीक और सामुदायिक विकास की पहल बनी आकर्षण का केंद्र, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया सम्मानित
छत्तीसगढ़/कोरबा-बालकोनगर :- छत्तीसगढ़ राज्योत्सव-2026 में भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने अपनी प्रभावशाली प्रदर्शनी के जरिए विशेष पहचान बनाई। सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्र के उपक्रम श्रेणी में बालको के प्रदर्शनी पैवेलियन को तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बालको की संवाद प्रमुख शुभ्रा आर. एवं जनसंपर्क अधिकारी विजय बाजपेयी को यह पुरस्कार प्रदान किया।
नवा रायपुर अटल नगर स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी उद्योग एवं व्यापार परिसर में 1 से 3 नवंबर तक आयोजित तीन दिवसीय राज्योत्सव में बालको का पैवेलियन आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। इसकी थीम ‘महिला शक्ति से विकसित भारत की नई उड़ान’ रखी गई थी। प्रदर्शनी के माध्यम से औद्योगिक संचालन, तकनीकी नवाचार और सामुदायिक विकास में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को प्रदर्शित किया गया।
बालको ने अपने पैवेलियन में कंपनी की विनिर्माण क्षमता और देश के एल्युमिनियम उद्योग में योगदान को भी प्रमुखता से प्रस्तुत किया। प्रदर्शनी का विशेष आकर्षण भारत के पहले और सबसे बड़े 525 किलो-एम्पीयर एल्युमिनियम स्मेल्टर की जानकारी रही। इसके माध्यम से आगंतुकों को एल्युमिनियम उत्पादन की पूरी प्रक्रिया, इसकी मूल्य श्रृंखला तथा बुनियादी ढांचे के विकास और राष्ट्र निर्माण में इसकी भूमिका से अवगत कराया गया।
बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं पूर्णकालिक निदेशक राजेश सिंह ने इस उपलब्धि पर कहा कि राज्योत्सव में मिला सम्मान पूरी टीम के सामूहिक प्रयास और उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है। औद्योगिक प्रगति और सामाजिक विकास एक-दूसरे के पूरक हैं तथा इसमें महिलाओं की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण हो रही है। उन्होंने कहा कि कंपनी तकनीक और नवाचार के माध्यम से औद्योगिक क्षमताओं को मजबूत करने के साथ समुदायों के सशक्तिकरण और छत्तीसगढ़ के विकास में योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध है।
वहीं, बालको के हेड कॉरपोरेट अफेयर्स एवं एडमिनिस्ट्रेशन कैप्टन धनंजय मिश्रा ने कहा कि सतत विकास के लिए लोगों को सशक्त बनाना और समुदायों को मजबूत करना जरूरी है। कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण और सतत कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में कंपनी की पहल लोगों के जीवन स्तर में सुधार और दीर्घकालिक सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में काम कर रही है।
प्रदर्शनी में बालको की शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, युवा कौशल विकास और आजीविका संवर्धन से जुड़ी सामाजिक पहलों को भी प्रदर्शित किया गया। कंपनी के अनुसार, इन प्रयासों के माध्यम से 128 गांवों में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ 1.8 लाख से अधिक लोगों तक पहुंच बनाई गई है।
राज्योत्सव के तीनों दिनों में प्रदेशभर से पहुंचे नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और शासन के अधिकारियों ने बालको के पैवेलियन का अवलोकन किया। औद्योगिक उपलब्धियों के साथ सामाजिक विकास की पहलों को प्रदर्शित करने वाली इस प्रस्तुति को मिला पुरस्कार बालको के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।












