HomeBreaking News754 भू-स्वामियों को रोजगार देकर एसईसीएल ने रचा रिकॉर्ड, पारदर्शिता के लिए...

754 भू-स्वामियों को रोजगार देकर एसईसीएल ने रचा रिकॉर्ड, पारदर्शिता के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित

300 हेक्टेयर से अधिक भूमि अधिग्रहण, शिकायतों की निष्पक्ष जांच के लिए स्थायी समीक्षा तंत्र लागू

छत्तीसगढ़/बिलासपुर :- South Eastern Coalfields Limited (एसईसीएल) ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में भूमि अधिग्रहण के बदले रोजगार नीति के तहत बड़ी पहल करते हुए 754 पात्र भू-स्वामियों को नियमानुसार रोजगार प्रदान किया है। यह कदम प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और आजीविका सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

- Advertisement -

कंपनी ने इस दौरान 300 हेक्टेयर से अधिक भूमि का अधिग्रहण किया, जिसके बदले पात्र परिवारों को लाभ सुनिश्चित किया जा रहा है। एसईसीएल ने स्पष्ट किया है कि इस पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

इसी उद्देश्य से कंपनी ने भूमि के बदले रोजगार से जुड़े मामलों की निगरानी और शिकायतों के निराकरण के लिए एक उच्चस्तरीय स्थायी समीक्षा समिति का गठन किया है। समिति में महाप्रबंधक (भू-राजस्व) को अध्यक्ष तथा महाप्रबंधक (योजना-परियोजना) और महाप्रबंधक (श्रमशक्ति) को सदस्य बनाया गया है। यह समिति आवेदनों और दस्तावेजों की जांच कर समयबद्ध और निष्पक्ष अनुशंसा संबंधित प्राधिकरण को सौंपेगी।

एसईसीएल प्रबंधन के अनुसार यह पहल न केवल प्रणाली को मजबूत करेगी, बल्कि यह भी सुनिश्चित करेगी कि वास्तविक हितग्राहियों के अधिकारों पर किसी प्रकार का असर न पड़े। कंपनी ने हाल के समय में सामने आई कुछ आधारहीन शिकायतों पर भी सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि भ्रामक या दुर्भावनापूर्ण शिकायतों पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कंपनी ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत माध्यमों पर ही भरोसा करें और किसी भी प्रकार के प्रलोभन या अपुष्ट जानकारी से सतर्क रहें। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति बिलासपुर स्थित एसईसीएल मुख्यालय में महाप्रबंधक (भू-राजस्व) कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

Must Read