10वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों को दो वर्ष तथा 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों को एक वर्ष की आवासीय कोचिंग सुविधा,
ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 10 सितंबर
छत्तीसगढ़/कोरबा :- जिले के शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत मेधावी विद्यार्थियों को अब जेईई और नीट जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आर्थिक बाधाओं का सामना नहीं करना पड़ेगा। जिला प्रशासन ने “प्रोजेक्ट दिशा” के तहत प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए पूर्णतः निःशुल्क आवासीय जेईई एवं नीट कोचिंग की पहल शुरू की है। योजना के माध्यम से कुल 150 विद्यार्थियों को लाभान्वित किया जाएगा।
इस योजना का विशेष लाभ ग्रामीण, वनांचल एवं दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले उन विद्यार्थियों को मिलेगा, जो प्रतिभाशाली होने के बावजूद आर्थिक स्थिति, भौगोलिक दूरी और गुणवत्तापूर्ण प्रतियोगी परीक्षा मार्गदर्शन की सीमित उपलब्धता के कारण बेहतर तैयारी नहीं कर पाते हैं। चयनित विद्यार्थियों को विशेषज्ञ मार्गदर्शन, अध्ययन सामग्री, नियमित अभ्यास, मॉक टेस्ट, समय प्रबंधन और परीक्षा रणनीति के साथ आवासीय सुविधा भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।
10वीं के बाद दो वर्ष की कोचिंग
योजना के तहत शासकीय विद्यालयों से कक्षा 10वीं उत्तीर्ण कर कक्षा 11वीं में गणित अथवा जीव विज्ञान संकाय में अध्ययनरत विद्यार्थियों में से कक्षा 10वीं में न्यूनतम 75 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का मेरिट के आधार पर चयन होगा। इनमें 50 विद्यार्थियों का चयन जेईई और 50 विद्यार्थियों का चयन नीट कोचिंग के लिए किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को दो वर्ष की निःशुल्क आवासीय कोचिंग मिलेगी।
ड्रॉपर विद्यार्थियों को भी मिलेगा अवसर
कक्षा 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए भी योजना में अवसर दिया गया है। न्यूनतम 75 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में से मेरिट के आधार पर 25 विद्यार्थियों का चयन जेईई और 25 विद्यार्थियों का चयन नीट कोचिंग के लिए किया जाएगा। इन विद्यार्थियों को एक वर्ष की निःशुल्क आवासीय कोचिंग दी जाएगी। ड्रॉपर बैच में इस वर्ष जेईई अथवा नीट की तैयारी के लिए ड्रॉप लेने वाले विद्यार्थी पात्र होंगे। अभ्यर्थी का कोरबा जिले का पात्र निवासी होना आवश्यक है।
इस प्रकार 10वीं के बाद दो वर्षीय बैच और 12वीं के बाद एक वर्षीय ड्रॉपर बैच के माध्यम से कुल 150 मेधावी विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर मिलेगा।
10 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन
प्रोजेक्ट दिशा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 10 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। कक्षाएं अक्टूबर 2026 से प्रारंभ होने की संभावित हैं। इच्छुक एवं पात्र विद्यार्थी जेईई अथवा नीट कोचिंग के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। चयन पूर्ववर्ती कक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार मेरिट सूची एवं निर्धारित पात्रता के अनुसार किया जाएगा।
योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए विद्यार्थी अपने विद्यालय के प्राचार्य, संबंधित विकासखंड शिक्षा अधिकारी अथवा जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, कोरबा से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा सहायक परियोजना समन्वयक श्रीमती श्रद्धा शर्मा से मोबाइल नंबर 9329086391 पर संपर्क किया जा सकता है।
प्रतियोगी परीक्षाओं के अनुरूप होगी तैयारी
चयनित विद्यार्थियों को प्रारंभिक स्तर से ही जेईई एवं नीट की परीक्षा आवश्यकताओं के अनुरूप विषयवार अवधारणाओं की समझ विकसित करने, प्रश्नों के नियमित अभ्यास, मॉक टेस्ट, समय प्रबंधन और परीक्षा रणनीति पर विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे विद्यार्थी स्कूली शिक्षा के साथ राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से कर सकेंगे।
जिला प्रशासन की इस पहल से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के साथ-साथ ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के प्रतिभावान विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण प्रतियोगी परीक्षा तैयारी का समान अवसर मिलेगा। प्रोजेक्ट दिशा का लक्ष्य विद्यार्थियों को बेहतर तैयारी के माध्यम से देश के प्रतिष्ठित मेडिकल एवं इंजीनियरिंग संस्थानों में प्रवेश के लिए सक्षम बनाना है।












