बांकीमोंगरा, दीपका और कटघोरा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई; 74,500 रुपये नकद, 15 मोबाइल और 15 दोपहिया वाहन समेत 11.56 लाख रुपये की सामग्री जब्त
छत्तीसगढ़/कोरबा :- थाना बांकीमोंगरा क्षेत्र के सिंघाली जंगल में जुए के फड़ पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। बांकीमोंगरा, दीपका और कटघोरा पुलिस की संयुक्त टीम ने जंगल में दबिश देकर जुआ खेल रहे आरोपियों को मौके से पकड़ा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगद रकम, मोबाइल फोन और दोपहिया वाहन सहित कुल 11 लाख 56 हजार 500 रुपये की सामग्री जब्त की है। 
पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान 74 हजार 500 रुपये नगद, 14 एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक की-पैड मोबाइल फोन सहित कुल 15 मोबाइल, जिनकी अनुमानित कीमत 2 लाख 82 हजार रुपये है, जब्त किए गए। इसके अलावा बुलेट और स्कूटी सहित 15 मोटरसाइकिलें भी जब्त की गईं, जिनकी अनुमानित कीमत 8 लाख रुपये बताई गई है। इस तरह कुल जुमला जब्ती 11 लाख 56 हजार 500 रुपये की हुई है।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में शिवमोहन सिंग (50), निवासी शांतिनगर बालकोनगर, अमित कुमार श्रीवास्तव (48), निवासी कैलाशनगर बालकोनगर, सफिक खान (25), निवासी चिमनी भट्टा मानिकपुर, संजू कुमार साहू (27), निवासी धोबी मोहल्ला बांकीमोंगरा, ईश्वरी साहू (37), निवासी कुदरीपारा बांकीमोंगरा, विजय कुमार (52), निवासी शांतिनगर बांकीमोंगरा, हेमंत बहादुर कार्की (50), निवासी सुराकछार बांकीमोंगरा, सुमीत यादव (28), निवासी गेवरा बस्ती कुसमुंडा, अभिमन्यु सिंग (35), निवासी तुलसीनगर कोतवाली, सुरेंद्र चौहान (39), निवासी भदरापारा बालकोनगर तथा राजू नाहक (33), निवासी शांतिनगर बांकीमोंगरा शामिल हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध जुआ अधिनियम के तहत विधिवत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। संयुक्त टीम की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध जुआ गतिविधियों में संलिप्त लोगों में हड़कंप की स्थिति है।












