HomeBreaking Newsअमरैय्या पारा में सड़क की जमीन पर निर्माण का आरोप, नगर निगम...

अमरैय्या पारा में सड़क की जमीन पर निर्माण का आरोप, नगर निगम का घेराव

जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने उठाया सार्वजनिक मार्ग संकरा होने का मुद्दा, निगम ने जांच के बाद कार्रवाई का दिया भरोसा

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  वार्ड क्रमांक 14 अमरैय्या पारा के मुख्य नवधा पंडाल मार्ग पर निजी मकान निर्माण के दौरान सड़क की ओर निर्माण किए जाने और सार्वजनिक मार्ग की चौड़ाई प्रभावित होने के आरोप को लेकर सोमवार को जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के बैनर तले नगर निगम कोरबा का घेराव किया गया। पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने निगम प्रशासन के समक्ष सार्वजनिक मार्ग को अतिक्रमण से मुक्त कराने और लोगों के लिए आवागमन सुगम बनाए रखने की मांग रखी।

- Advertisement -

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि अमरैय्या पारा के मुख्य सार्वजनिक मार्ग पर मकान निर्माण के दौरान सड़क की ओर कॉलम खड़े किए जा रहे हैं, गड्ढे खोदे गए हैं तथा दीवार का निर्माण किया जा रहा है। इससे सड़क की उपलब्ध चौड़ाई प्रभावित हो रही है और मार्ग लगातार संकरा होता जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार इस रास्ते से स्कूल बस, ट्रैक्टर, चारपहिया वाहनों सहित अन्य वाहनों की आवाजाही होती है। मार्ग संकरा होने के कारण आवागमन में परेशानी के साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है।

पहले भी निगम को दी गई थी शिकायत

स्थानीय नागरिकों द्वारा इस संबंध में पूर्व में पार्षद और नगर निगम प्रशासन को जानकारी देने तथा शिकायत दर्ज कराने की बात कही गई है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि शिकायत के बावजूद निर्माण कार्य जारी रहने से क्षेत्र के लोगों में नाराजगी है। उन्होंने निगम प्रशासन से मौके का निरीक्षण कर यह स्पष्ट करने की मांग की कि निर्माण निर्धारित निजी भूमि की सीमा में है अथवा सार्वजनिक मार्ग की सीमा प्रभावित हो रही है।

जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन

नगर निगम का घेराव करने पहुंचे जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के पदाधिकारियों ने अधिकारियों के समक्ष मामले को रखते हुए स्थल निरीक्षण, सार्वजनिक मार्ग की सीमा का परीक्षण और जांच में अतिक्रमण पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की।

नगर निगम अधिकारियों ने मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने उम्मीद जताई कि सार्वजनिक मार्ग की वास्तविक स्थिति स्पष्ट कर जल्द आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, जिससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन में राहत मिल सके।

Must Read