बालको पावर प्लांट की भट्ठी में समिति के सदस्यों की मौजूदगी में होगी कार्रवाई, गांजा सहित अन्य मादक पदार्थों का किया जाएगा नष्टीकरण
छत्तीसगढ़/कोरबा :- जिले के विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त किए गए मादक पदार्थों को 23 नवंबर को नष्ट किया जाएगा। इसके लिए जिला स्तरीय औषधि व्ययन समिति ने तारीख और स्थान निर्धारित कर दिया है। नष्टीकरण योग्य 29 प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों को बालको पावर प्लांट की भट्ठी में विधिवत जलाकर नष्ट किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक कोरबा के अधीन आने वाले विभिन्न थानों में एनडीपीएस के मामलों में जब्त मादक पदार्थों के नष्टीकरण के लिए जिला स्तरीय औषधि व्ययन समिति गठित की गई है। संबंधित थानों द्वारा नष्टीकरण योग्य प्रकरणों की सूची और आवश्यक मूल दस्तावेज समिति के समक्ष प्रस्तुत किए जा चुके हैं। इनकी प्रक्रिया पूरी होने के बाद समिति ने 29 प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों के नष्टीकरण का निर्णय लिया है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 23 नवंबर को सुबह 11 बजे बालको पावर प्लांट की भट्ठी में गांजा सहित अन्य जब्त मादक पदार्थों को नष्ट किया जाएगा। यह पूरी कार्रवाई समिति के सदस्यों की मौजूदगी में की जाएगी। इस दौरान विधिवत पंचनामा तैयार कर नष्टीकरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।












