“सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत जिलेभर में सघन कार्रवाई, महुआ भट्टियां ध्वस्त
छत्तीसगढ़/कोरबा :- जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस ने दो दिनों में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध कारोबारियों पर कड़ा शिकंजा कसा है। 2 और 3 मई 2026 को चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 428.94 लीटर अवैध शराब जब्त की, साथ ही 26 प्रकरण दर्ज कर 28 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। 
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारियों के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में एक साथ दबिश दी गई। इस दौरान गांवों और जंगल क्षेत्रों में विशेष सर्च अभियान चलाकर छिपाकर रखी गई महुआ शराब और निर्माण स्थलों को चिन्हित कर मौके पर ही नष्ट किया गया।
अभियान की मुख्य उपलब्धियां:
26 आबकारी प्रकरण दर्ज
28 आरोपियों पर कार्रवाई
428.94 लीटर अवैध शराब जब्त
महुआ शराब की कई भट्टियां नष्ट
शराब बनाने के बर्तन, ड्रम व उपकरण जब्त
अवैध परिवहन में प्रयुक्त दोपहिया वाहन जब्त
पुलिस ने आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) एवं 34(2) के तहत कार्रवाई करते हुए अवैध शराब निर्माण, बिक्री और परिवहन में संलिप्त लोगों पर सख्ती दिखाई। लगातार दबिश से अवैध कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
अपील:
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की सूचना तत्काल नजदीकी थाना, डायल 112 या पुलिस कंट्रोल रूम को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।












