छत्तीसगढ़/कोरबा :- जिले में चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोतवाली पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गांजा बिक्री में संलिप्त एक महिला को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से करीब 1 किलो 580 ग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 16 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 2 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि इमलीडुग्गु रेलवे केबिन के पास एक महिला अवैध रूप से गांजा बेच रही है। सूचना की पुष्टि के बाद कोतवाली थाना पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध महिला को हिरासत में लिया।
तलाशी के दौरान महिला के पास एक सफेद प्लास्टिक बोरी में रखे पारदर्शी पॉलिथीन से गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में महिला की पहचान पुष्पा यादव (38 वर्ष), निवासी इमलीडुग्गु के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे को सील कर पंचनामा तैयार किया गया और आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
जीरो टॉलरेंस नीति पर सख्ती
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त अभियान जारी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के अपराधों में लिप्त लोगों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
जनता से अपील
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।












