HomeBreaking Newsयात्री सुरक्षा में बड़ा कदम: देश के 3,215 रेलवे स्टेशनों और 13,409...

यात्री सुरक्षा में बड़ा कदम: देश के 3,215 रेलवे स्टेशनों और 13,409 कोचों में लगे सीसीटीवी कैमरे, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के 145 स्टेशन भी निगरानी नेटवर्क से जुड़े

  यात्रियों की सुरक्षा को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से भारतीय रेल देशभर में रेलवे स्टेशनों, यात्री कोचों एवं अन्य रेलवे परिसरों में अत्याधुनिक सीसीटीवी निगरानी प्रणाली का तेजी से विस्तार कर रही है। इस पहल के तहत अब तक देशभर के 3,215 रेलवे स्टेशनों तथा 13,409 यात्री कोचों में सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जा चुके हैं। साथ ही सभी परिचालित वंदे भारत और अमृत भारत ट्रेनों को भी सीसीटीवी निगरानी प्रणाली से लैस किया गया है।

- Advertisement -

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) में भी सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए अब तक 145 रेलवे स्टेशनों तथा 303 यात्री कोचों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा चुके हैं, जिससे यात्रियों की सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था और अधिक प्रभावी हुई है।

रेलवे स्टेशनों पर लगाए गए कैमरे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित वीडियो एनालिटिक्स तकनीक से लैस हैं। यह प्रणाली अनधिकृत प्रवेश, संदिग्ध गतिविधियों की पहचान तथा प्लेटफॉर्म पर गिरने वाले व्यक्ति का स्वतः पता लगाने जैसी आधुनिक सुविधाओं से युक्त है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों को त्वरित कार्रवाई करने में मदद मिलती है।

भारतीय रेल के अनुसार, इन उन्नत निगरानी प्रणालियों की सहायता से वर्ष 2023 से जून 2026 तक 9,840 सुरक्षा संबंधी घटनाओं का सफलतापूर्वक पता लगाया गया, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकी।

देशभर में उत्तर रेलवे के 425, पश्चिम रेलवे के 391 तथा पूर्वी रेलवे के 271 रेलवे स्टेशनों पर सीसीटीवी निगरानी प्रणाली उपलब्ध है। वहीं यात्री कोचों में पश्चिम रेलवे के 1,735, उत्तरी रेलवे के 1,483 तथा दक्षिण रेलवे के 1,481 कोच सीसीटीवी कैमरों से सुसज्जित किए जा चुके हैं। यह जानकारी रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को राज्यसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में दी।

Must Read