HomeBreaking Newsविश्व हेपेटाइटिस डे पर कोरबा में निःशुल्क आयुर्वेद एवं योग चिकित्सा शिविर...

विश्व हेपेटाइटिस डे पर कोरबा में निःशुल्क आयुर्वेद एवं योग चिकित्सा शिविर 28 जुलाई को, लिवर रोगों पर विशेषज्ञ देंगे परामर्श

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  विश्व हेपेटाइटिस डे (28 जुलाई) के अवसर पर लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट एवं आयुष मेडिकल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार, 28 जुलाई 2026 को हेपेटाइटिस (यकृत शोथ) एवं लिवर संबंधी रोगों के प्रति जनजागरूकता के उद्देश्य से निःशुल्क आयुर्वेद एवं योग चिकित्सा परामर्श शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक पतंजलि चिकित्सालय, श्री शिव औषधालय, महानदी कॉम्प्लेक्स, निहारिका रोड, कोरबा में आयोजित होगा।
लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट के सचिव लायन प्रत्युष सक्सेना ने बताया कि प्रत्येक वर्ष 28 जुलाई को विश्व हेपेटाइटिस डे मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य लोगों को हेपेटाइटिस (यकृत शोथ) के कारण, बचाव एवं उपचार के प्रति जागरूक करना है। इसी उद्देश्य से यह विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जा रहा है।
शिविर में छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ आयुर्वेद चिकित्सा विशेषज्ञ एवं नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा अपनी चिकित्सकीय सेवाएं प्रदान करेंगे। उन्हें पतंजलि योगपीठ, हरिद्वार से प्रशिक्षण प्राप्त है तथा आयुर्वेद चिकित्सा के क्षेत्र में 20 वर्षों से अधिक का व्यावहारिक अनुभव है। वे रोगियों की निःशुल्क जांच एवं परामर्श के साथ-साथ व्यक्तिगत रूप से योगाभ्यास एवं प्राणायाम का प्रशिक्षण भी देंगे।
शिविर में लिवर के लिए उपयोगी यकृत बूस्टर क्वाथ निःशुल्क पिलाया जाएगा। साथ ही रोगियों को स्वास्थ्यवर्धक जीवनशैली, दिनचर्या, ऋतुचर्या, आहार-विहार संबंधी व्यक्तिगत परामर्श दिया जाएगा तथा लिवर के स्वास्थ्य से संबंधित उपयोगी पुस्तिका भी निःशुल्क वितरित की जाएगी।
आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे इस विशेष स्वास्थ्य शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। शिविर में पूर्व पंजीयन एवं समय निर्धारण के लिए मोबाइल नंबर 9826111738 पर संपर्क किया जा सकता है, जिससे मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Must Read