CEIR पोर्टल की मदद से विभिन्न राज्यों और जिलों से बरामद किए मोबाइल, 8 माह में 400 से अधिक मोबाइल लौटाए
छत्तीसगढ़/कोरबा :- आम नागरिकों की सुरक्षा और पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। साइबर पुलिस थाना कोरबा ने CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल की तकनीकी सहायता से गुम हुए 110 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंपे हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कुल कीमत 20 लाख 33 हजार 53 रुपए बताई गई है।
विभिन्न राज्यों और जिलों से ट्रेस किए गए मोबाइल
पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में चल रही कार्रवाई के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोरबा लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नीतिश ठाकुर, नगर पुलिस अधीक्षक कोरबा प्रतीक चतुर्वेदी एवं डीएसपी रजत कुमार नाग के दिशा-निर्देशन तथा साइबर पुलिस थाना प्रभारी निरीक्षक ललित चंद्रा के मार्गदर्शन में टीम ने मोबाइलों को ट्रेस किया।
साइबर पुलिस थाना कोरबा एवं जिले के विभिन्न थाना-चौकी स्टाफ के संयुक्त प्रयास से अलग-अलग जिलों और राज्यों से गुम मोबाइलों की तकनीकी मदद से पहचान कर उन्हें बरामद किया गया। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक अजय सोनवानी एवं साइबर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Apple से लेकर OnePlus तक के मोबाइल बरामद
बरामद मोबाइल फोन में Apple, Samsung, Oppo, Vivo, Redmi, Realme और OnePlus सहित विभिन्न कंपनियों के मोबाइल शामिल हैं। ये मोबाइल अलग-अलग स्थानों से गुम हुए थे। CEIR पोर्टल और तकनीकी सहायता के माध्यम से मोबाइलों को ट्रेस कर वास्तविक स्वामियों तक पहुंचाया गया।
मोबाइल वापस मिला तो चेहरों पर आई खुशी
आज साइबर पुलिस थाना कोरबा में कुल 110 गुम मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंपे गए। लंबे समय बाद अपना खोया मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। कई मोबाइल स्वामियों ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका खोया मोबाइल वापस मिल पाएगा, लेकिन पुलिस के प्रयासों से उन्हें अपना मोबाइल वापस मिला।
मोबाइल स्वामियों ने कोरबा पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए पुलिस अधिकारियों और साइबर टीम के प्रति आभार जताया।
8 माह में 400 से अधिक मोबाइल लौटाए
कोरबा पुलिस के अनुसार साइबर पुलिस थाना द्वारा पिछले 8 महीनों में 400 से अधिक गुम मोबाइल फोन ट्रेस कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस दिलाए जा चुके हैं। इससे पहले भी पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाकर गुम एवं चोरी हुए मोबाइल उनके मालिकों को लौटाए गए हैं।
CEIR पोर्टल पर ऐसे दर्ज करें शिकायत
मोबाइल गुम या चोरी होने पर नागरिक CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए पोर्टल पर जाकर “Block Stolen/Lost Mobile” विकल्प का चयन करना होगा। मोबाइल से संबंधित जानकारी, पुलिस शिकायत की प्रति, पहचान पत्र एवं मोबाइल बिल सहित आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर आवेदन जमा किया जा सकता है। इसके बाद पुलिस एवं संबंधित टेलीकॉम कंपनियों की तकनीकी सहायता से मोबाइल को ट्रैक किया जाता है।
साइबर फ्रॉड होने पर तत्काल 1930 पर करें कॉल
कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम अथवा चोरी होने पर तत्काल नजदीकी थाना या साइबर पुलिस थाना में सूचना दें और CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें। वहीं साइबर फ्रॉड का शिकार होने पर तत्काल 1930 पर कॉल करें तथा cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें। पुलिस ने कहा कि साइबर सुरक्षा संबंधी जागरूकता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।
कोरबा पुलिस की यह कार्रवाई न केवल गुम मोबाइल वापस दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण है, बल्कि इससे आम नागरिकों में पुलिस के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना भी मजबूत हुई है।












