HomeBreaking Newsकोरबा पुलिस की बड़ी मॉक ड्रिल: 49 स्थानों पर एक साथ नाकेबंदी,...

कोरबा पुलिस की बड़ी मॉक ड्रिल: 49 स्थानों पर एक साथ नाकेबंदी, संदिग्धों और वाहनों की हुई सघन जांच

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  जिले में अपराध नियंत्रण और आपात परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए कोरबा पुलिस ने शनिवार को “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत व्यापक मॉक ड्रिल और विशेष नाकेबंदी अभियान चलाया। दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक जिले के 49 चिन्हित स्थानों पर एक साथ नाकेबंदी कर वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की गहन जांच की गई।     

- Advertisement -

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में संचालित इस अभियान का उद्देश्य पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली को और अधिक मजबूत बनाना, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना तथा जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाना रहा।   

अभियान के दौरान जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया। थाना और चौकी प्रभारी स्वयं नाकेबंदी स्थलों पर मौजूद रहे तथा बैरिकेडिंग, वायरलेस संचार और अन्य संसाधनों के माध्यम से पुलिस की समन्वय क्षमता और आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था का परीक्षण किया गया। 

नाकेबंदी के दौरान वाहनों के दस्तावेजों की जांच के साथ-साथ संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन तलाशी ली गई। वरिष्ठ अधिकारियों ने लगातार विभिन्न स्थलों की मॉनिटरिंग कर यह सुनिश्चित किया कि सभी स्थानों पर निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्रवाई हो रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस मॉक ड्रिल से पुलिस बल की तत्परता, समन्वय क्षमता और आपात परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई की दक्षता का आकलन किया गया। आने वाले समय में भी जिले में इसी प्रकार के विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि आमजन में सुरक्षा का विश्वास बना रहे और अपराधियों में कानून का भय कायम रहे

Must Read