HomeBreaking Newsरक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, दूध-दाल की गुणवत्ता में...

रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, दूध-दाल की गुणवत्ता में कमी तो मिठाइयों में मिली लेबलिंग की गड़बड़ी

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। महीने की शुरुआत से ही विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण और खाद्य पदार्थों के नमूने लिए जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर जहां गुणवत्ता में कमी मिली है, वहीं कुछ प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों की सही जानकारी प्रदर्शित नहीं करने का मामला भी सामने आया है।

- Advertisement -

छत्तीसगढ़ में संचालित बने खाबो–बने रिहबो 2.0” के तहत 17 से 23 अगस्त 2026 तक सात दिवसीय सघन खाद्य सुरक्षा प्रवर्तन एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। इसी अभियान के क्रम में कोरबा जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई जारी है।

कहां क्या कमी मिली?

सर्वमंगला डिस्ट्रीब्यूटर से लिए गए मसूर पाक तथा बुधवानी डिस्ट्रीब्यूटर से लिए गए नारियल लड्डू के मामले में गलत लेबलिंग/मिसब्रांडिंग पाई गई। यानी खाद्य उत्पाद की पैकिंग या लेबल पर दी जाने वाली आवश्यक जानकारी खाद्य सुरक्षा नियमों के अनुरूप नहीं मिली।

वहीं डिस्ट्रिक्ट 100 बेड हॉस्पिटल से लिए गए दाल के नमूने की जांच रिपोर्ट में उसकी गुणवत्ता निर्धारित मानकों से कम पाई गई। इसी तरह दीपका स्थित अन्नपूर्णा डेयरी से लिए गए दूध के नमूने की रिपोर्ट भी निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं मिली।

दुर्गा होटल और शारदा जनरल स्टोर से भी लिए नमूने

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कोसाबाड़ी स्थित दुर्गा होटल से खोवा और शारदा जनरल स्टोर से नमक का नमूना भी जांच के लिए लिया है। दोनों नमूनों को खाद्य परीक्षण के लिए रायपुर स्थित खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। इनकी जांच रिपोर्ट आने के बाद ही गुणवत्ता की स्थिति स्पष्ट होगी।

रिपोर्ट के आधार पर न्यायालय में पेश होंगे मामले

खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार जिन प्रकरणों में जांच रिपोर्ट में अनियमितता सामने आई है, उनमें नियमानुसार विवेचना की जाएगी। विवेचना पूरी होने के बाद संबंधित मामलों को न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।

त्योहारी सीजन में मिठाई, दूध, खोवा और अन्य खाद्य सामग्री की बिक्री बढ़ जाती है। ऐसे में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई को उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विभाग का कहना है कि खाद्य कारोबारियों को निर्धारित गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों का पालन करना होगा और नियमों का उल्लंघन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Must Read