मुआवजा, रोजगार और पुनर्वास की मांगों को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन, वार्ता के दो दौर विफल
छत्तीसगढ़/कोरबा :- कटघोरा विधानसभा क्षेत्र के हरदीबाजार क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर शनिवार सुबह करीब 8 बजे SECL दीपका कार्यालय के मुख्य गेट पर तालाबंदी कर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। क्षेत्रीय विधायक प्रेमचंद पटेल के नेतृत्व में चल रहे आंदोलन के कारण SECL दीपका कार्यालय का कामकाज प्रभावित रहा। ग्रामीण मुआवजा संबंधी विसंगतियों को दूर करने, रोजगार उपलब्ध कराने तथा पुनर्वास और बसाहट की व्यवस्था सहित अन्य लंबित मांगों को लेकर नारेबाजी करते रहे।
सुरक्षा बलों के साथ धक्का-मुक्की, बुजुर्ग महिला घायल
आंदोलन को देखते हुए दीपका, हरदीबाजार और बांकीमोंगरा पुलिस के साथ CISF के जवानों की तैनाती की गई थी। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों और CISF जवानों के बीच बहस एवं धक्का-मुक्की की स्थिति निर्मित हो गई। ग्रामीणों के अनुसार, इस दौरान एक बुजुर्ग महिला को लाठी लगने से हाथ में चोट आई और सूजन हो गई। घटना के बाद आंदोलन स्थल पर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई।
प्रबंधन से दो दौर की वार्ता, नहीं बनी सहमति
आंदोलन के दौरान ग्रामीणों और SECL दीपका प्रबंधन के अधिकारियों के बीच दो दौर की वार्ता हुई, लेकिन दोनों दौर में किसी निष्कर्ष पर सहमति नहीं बन सकी। मौके पर मौजूद पुलिस एवं सुरक्षा बलों ने स्थिति को नियंत्रित किया।
बताया गया कि विवाद का मुख्य मुद्दा SECL बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक के स्थान को लेकर है। SECL प्रबंधन की ओर से बोर्ड की बैठक बिलासपुर स्थित मुख्यालय में आयोजित करने का प्रस्ताव रखा गया, जबकि ग्रामीणों की मांग है कि बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक दीपका में ही आयोजित की जाए, ताकि स्थानीय स्तर पर उनकी समस्याओं और मांगों पर चर्चा कर उनका समाधान किया जा सके।
SDM की मौजूदगी में तीसरे दौर की वार्ता
ताजा जानकारी के अनुसार SECL दीपका कार्यालय के मुख्य गेट पर तालाबंदी जारी है। कटघोरा SDM विपिन दुबे की मौजूदगी में SECL के मुख्य महाप्रबंधक (CGM), विधायक प्रेमचंद पटेल और ग्रामीण प्रतिनिधियों के बीच तीसरे दौर की वार्ता चल रही है।
वार्ता में ग्रामीणों की लंबित मांगों के साथ दीपका में ही बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक आयोजित करने तथा विभिन्न मुद्दों का चरणबद्ध तरीके से निराकरण करने को लेकर चर्चा की जा रही है।
मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान
ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि उनकी मांगों का स्थायी समाधान होने तक आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा। ग्रामीणों द्वारा SECL कार्यालय के मुख्य गेट के सामने पंडाल लगाकर अनिश्चितकालीन धरना जारी रखने की बात कही गई है। अब सभी की नजरें प्रबंधन और ग्रामीण प्रतिनिधियों के बीच चल रही तीसरे दौर की वार्ता के परिणाम पर टिकी हैं।











