छत्तीसगढ़/कोरबा :- गणेश उत्सव एवं विसर्जन को शांतिपूर्ण और सुरक्षित कराने के लिए कोरबा पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। 18 सितंबर को कोरबा अनुविभाग क्षेत्र में अभियान के दौरान असामाजिक तत्वों, वारंटियों, अवैध शराब और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। 
कोतवाली थाना क्षेत्र में सरमंगला में कतता दिखाकर लोगों को डराने-धमकाने के आरोपी हर्ष वैष्णव उर्फ गब्बर के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत कार्रवाई कर गिरफ्तार किया गया और न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा गया। वहीं आरोपी जीतू साहू, निवासी वायनली डुग्गू के कब्जे से 40 लीटर महुआ शराब जब्त कर आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की गई।
विशेष अभियान में 7 गिरफ्तारी वारंट तामील कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। 6 स्थायी वारंट में कार्रवाई, 10 अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी, 2 व्यक्तियों पर धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट तथा 10 व्यक्तियों के खिलाफ धारा 170 BNSS के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
पुलिस द्वारा गणेश उत्सव एवं विसर्जन को देखते हुए क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग, संदिग्ध व्यक्तियों की जांच और निगरानी की जा रही है। पुलिस ने आयोजन समितियों एवं नागरिकों से शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।











