HomeBreaking Newsगोपाष्टमी पर श्री अग्रसेन गौधाम पहुंचे उप मुख्यमंत्री अरुण साव, शेड निर्माण...

गोपाष्टमी पर श्री अग्रसेन गौधाम पहुंचे उप मुख्यमंत्री अरुण साव, शेड निर्माण के लिए 10 लाख देने की घोषणा

गौमाता की सेवा पुण्य का कार्य, गौधाम किसी तीर्थस्थल से कम नहीं : अरुण साव, गौरव पथ के लिए 50 लाख रुपये की स्वीकृति का भी किया उल्लेख

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  गोपाष्टमी के पावन अवसर पर ग्राम कनबेरी स्थित श्री अग्रसेन गौधाम में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं कोरबा जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने गौमाता की पूजा-अर्चना कर प्रदेश और जिले की सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम में उन्होंने गौसेवा, संरक्षण और संवर्धन को सामाजिक एवं सांस्कृतिक दायित्व बताते हुए सभी से इसमें सहभागी बनने का आह्वान किया। साथ ही श्री अग्रसेन गौधाम में शेड निर्माण के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की।  कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने गोपाष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गौमाता की सेवा अत्यंत पुण्य का कार्य है और गौधाम किसी तीर्थस्थल से कम नहीं है। भारतीय संस्कृति में गौमाता का विशेष धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व है। मान्यता है कि गौमाता में 33 कोटि देवी-देवताओं का वास होता है। ऐसे पवित्र स्थल पर बड़ी संख्या में गौमाताओं की सेवा और संरक्षण होना सभी के लिए सौभाग्य की बात है।

- Advertisement -

उन्होंने कहा कि गौमाता हमारे जीवन का अभिन्न अंग हैं। दूध, गोमूत्र और गोबर मानव जीवन के साथ-साथ प्रकृति के लिए भी उपयोगी हैं। गौमाता का संरक्षण एवं संवर्धन हमारी सांस्कृतिक परंपरा के साथ सामाजिक जिम्मेदारी भी है। गौसेवा से सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को गौमाता की सेवा, सुरक्षा और संरक्षण के लिए आगे आना चाहिए।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने श्री अग्रसेन गौधाम में शेड निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की। उन्होंने गौरव पथ निर्माण के लिए 50 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान किए जाने की जानकारी भी दी।

कार्यक्रम में प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, महापौर संजू देवी राजपूत, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, एमआईसी सदस्य हितानंद अग्रवाल सहित श्री अग्रसेन गौधाम के पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Must Read