प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश नीता यादव की अध्यक्षता में डिस्ट्रिक्ट जेल विजिटर्स बोर्ड ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा
छत्तीसगढ़/कोरबा-कटघोरा :- न्याय तक पहुंच सुनिश्चित करने और बंदियों के मौलिक अधिकारों की रक्षा के उद्देश्य से प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोरबा श्रीमती नीता यादव की अध्यक्षता में डिस्ट्रिक्ट जेल विजिटर्स बोर्ड द्वारा उपजेल कटघोरा का सघन निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण माननीय उच्चतम न्यायालय के रिट पीटिशन (सि) क्रमांक 1404/2023, सुकन्या संस्था विरुद्ध यूनियन ऑफ इंडिया व अन्य में पारित 3 अक्टूबर 2024 के निर्णय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया गया।
निरीक्षण के दौरान बोर्ड के सदस्यों ने जेल परिसर के विभिन्न हिस्सों का बारीकी से जायजा लिया। बंदियों के बैरक, रसोईघर, स्वास्थ्य केंद्र, स्वच्छता व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति देखी गई। अधिकारियों ने जेल में उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता एवं पोषण मानकों, चिकित्सा सुविधाओं, दवाइयों की उपलब्धता तथा चिकित्सकों की उपस्थिति की भी जानकारी ली।
इसके अलावा बंदियों के लिए संचालित शिक्षा कार्यक्रमों और खेलकूद जैसी गतिविधियों का भी आकलन किया गया। जेल में संचालित लीगल एड क्लीनिक की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया कि जरूरतमंद बंदियों को समय पर और सरल तरीके से निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध हो रही है।
इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती नीता यादव ने जेल अधीक्षक एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बंदियों के लिए स्वच्छ वातावरण, पौष्टिक भोजन, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं बिना किसी व्यवधान के उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने बंदियों को उपलब्ध निःशुल्क विधिक सहायता, अधिवक्ता नियुक्ति एवं विभिन्न कानूनी योजनाओं के संबंध में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान आयोजित संक्षिप्त शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से बंदियों को संबोधित करते हुए कहा गया कि वे स्वयं को असहाय न समझें। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जरूरतमंद बंदियों को आवश्यक कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के लिए सदैव तत्पर है।
संयुक्त निरीक्षण में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश कोरबा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कोरबा, सुश्री मयूरा गुप्ता, विजय सिंह एसडीओपी कटघोरा, एस.सी. पाण्डेय एसडीओ (पीडब्ल्यूडी), डॉ. रश्मि, सहायक जेल अधीक्षक कटघोरा, फार्मासिस्ट, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोरबा सहित जेल का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।











