HomeBreaking Newsरेडियम पट्टी नहीं लगाने वाले भारी वाहनों पर कोरबा पुलिस की बड़ी...

रेडियम पट्टी नहीं लगाने वाले भारी वाहनों पर कोरबा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 119 वाहनों पर चालान

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर कोरबा पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। रेडियम पट्टी नहीं लगाने वाले भारी वाहनों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाकर कुल 119 वाहनों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई।

- Advertisement -

पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक व संबंधित अनुविभागीय अधिकारियों के मार्गदर्शन में यह अभियान थाना एवं चौकी स्तर पर संचालित किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करना रहा।

पुलिस के अनुसार, पूर्व में ट्रांसपोर्टरों एवं भारी वाहन संचालकों की बैठक लेकर उन्हें स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि सभी वाहनों में अनिवार्य रूप से रेडियम पट्टी लगाई जाए, ताकि विशेषकर रात्रि के समय दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके। इसके बावजूद कई वाहन संचालकों द्वारा नियमों की अनदेखी की जा रही थी।

इसी लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने औद्योगिक क्षेत्रों में व्यापक जांच अभियान चलाया। दर्री अनुभाग के NTPC, कुसमुंडा, दीपका, बाकीमोगरा सहित अन्य क्षेत्रों तथा कोरबा अनुभाग के बालको और उरगा क्षेत्र में संयुक्त कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के दौरान दर्री अनुभाग में 47 तथा कोरबा अनुभाग में 72 भारी वाहनों के खिलाफ चालान काटे गए। इस तरह कुल 119 वाहन चालक नियमों का उल्लंघन करते पाए गए, जिन पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई कर सख्त संदेश दिया गया।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे।

अपील:

कोरबा पुलिस ने ट्रांसपोर्टरों एवं वाहन मालिकों से अपील की है कि वे अपने सभी भारी वाहनों में अनिवार्य रूप से रेडियम पट्टी लगवाएं और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

Must Read