तेज आंधी के बीच थमी शहर की रफ्तार, जलभराव व बिजली बाधित से बढ़ी परेशानी
छत्तीसगढ़/कोरबा :- मंगलवार शाम करीब 5 बजे के बाद जिले में मौसम ने अचानक करवट लेते हुए लोगों को चौंका दिया। तेज आंधी के साथ करीब एक घंटे तक हुई झमाझम बारिश ने पूरे शहर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। हालात ऐसे बने कि लोग जहां थे, वहीं रुककर मौसम शांत होने का इंतजार करते नजर आए।
तेज हवाओं के चलते कई स्थानों पर पेड़ों की डालियां टूटकर सड़कों पर गिर गईं, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ। बारिश शुरू होते ही बाजारों और मुख्य मार्गों पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दोपहिया वाहन चालक तेज हवा और बारिश के बीच फंस गए, जबकि पैदल लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते दिखाई दिए।
बारिश का असर शहर के निचले इलाकों में ज्यादा देखने को मिला। रविशंकर नगर, बुधवारी, टीपी नगर और पावर हाउस रोड सहित कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी बाधित रही।
आंधी के दौरान उड़ी धूल, राख और कोल डस्ट से वातावरण प्रभावित हुआ, लेकिन इसके बाद हुई बारिश ने मौसम में ठंडक घोल दी। करीब एक घंटे तक हुई तेज बारिश के बाद वातावरण में नमी बढ़ गई और लोगों को भीषण गर्मी से राहत महसूस हुई।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से यह बदलाव आया है। गर्मी के कारण बनी अस्थिरता के चलते गरज-चमक के साथ आंधी और बारिश की स्थिति बनी।
तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर होर्डिंग और अस्थायी ढांचे क्षतिग्रस्त होने की खबर है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि फसलों को नुकसान की आशंका जताई जा रही है।













