HomeBreaking Newsहास्य के ठहाकों, व्यंग्य के तीखे बाण और श्रृंगार की कविताओं से...

हास्य के ठहाकों, व्यंग्य के तीखे बाण और श्रृंगार की कविताओं से देर रात तक गूंजता रहा ओपन थिएटर

अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन में देशभर से पहुंचे कवियों ने बांधा समां, श्रोताओं ने तालियों और ठहाकों से किया रचनाओं का स्वागत

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  हंसी के ठहाके, व्यंग्य के तीखे बाण, गीतों की मिठास और श्रृंगार रस की मनमोहक कविताएं… बुधवार की शाम निहारिका स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर ओपन एयर ऑडिटोरियम साहित्य और मनोरंजन के अनूठे संगम का गवाह बना। अवसर था अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन-2026 का, जहां देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे कवियों ने अपनी रचनाओं के जरिए श्रोताओं को देर तक बांधे रखा। कभी हास्य की फुलझड़ियों पर पूरा परिसर ठहाकों से गूंज उठा तो कभी गीतों और भावपूर्ण कविताओं ने श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।

- Advertisement -

‘कविता… जो दिल से दिल तक पहुंचे’ थीम पर आयोजित इस काव्य संध्या में हास्य, व्यंग्य, गीत और श्रृंगार की विविध रंगों से सजी प्रस्तुतियों ने ऐसा समां बांधा कि श्रोता अंत तक अपनी जगह पर जमे रहे।

कार्यक्रम के प्रारंभ में आमंत्रित सभी कवियों का बैज लगाकर स्वागत एवं सम्मान किया गया। इसके पश्चात मां सरस्वती का स्मरण करते हुए गीतकार मीर अली मीर ने अपनी प्रस्तुति के साथ कवि सम्मेलन का शुभारंभ किया।

कवि सम्मेलन में प्रयागराज के अखिलेश द्विवेदी ने अपनी हास्य कविताओं से श्रोताओं को खूब गुदगुदाया। रायपुर के गीतकार मीर अली मीर ने सुरीली गीतात्मक प्रस्तुतियों से वातावरण को संगीतमय बना दिया। पश्चिम बंगाल से पहुंचे पवन बांके बिहारी ने हास्य काव्य के माध्यम से खूब रंग जमाया, वहीं कटनी की प्रियंका मिश्रा ने श्रृंगार रस की कविताओं से काव्य संध्या को अलग ही खूबसूरती प्रदान की।

स्थानीय और आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे कवियों ने भी अपनी प्रस्तुतियों से खूब वाहवाही बटोरी। कोरबा के हिरामणी वैष्णव, बिलाईगढ़ के शशि भूषण स्नेही और बरमकेला के कमलेश यादव ‘धाकड़’ ने अपनी हास्य रचनाओं से श्रोताओं को हंसने पर मजबूर कर दिया। एक के बाद एक प्रस्तुतियों का सिलसिला चलता रहा और ओपन थिएटर तालियों तथा ठहाकों से गूंजता रहा।

कार्यक्रम में महापौर संजू देवी राजपूत, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक बिलासपुर के पूर्व अध्यक्ष देवेंद्र पांडेय, विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष अमरजीत सिंह तथा नरेंद्र मोदी विचार मंच के जिला अध्यक्ष सोनू पांडेय सहित अनेक अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों ने भी कवियों की प्रस्तुतियों का आनंद लिया।

समापन अवसर पर आयोजन समिति की ओर से महापौर संजू देवी राजपूत के हाथों आमंत्रित कवियों को स्मृति-चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। वहीं आयोजक परिवार की ओर से महापौर का भी सम्मान किया गया। उपस्थित अतिथियों को भी स्मृति-चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर कोरबा प्रेस क्लब के संरक्षक कमलेश यादव, वरिष्ठ पत्रकार किशोर शर्मा, भारत विकास परिषद के महेश गुप्ता, नगर निगम के सचिव रामेश्वर कंवर, अखबार वितरक संघ के प्रदेश अध्यक्ष पदम सिंह चंदेल, जिला अध्यक्ष विपेंद्र साहू सहित अनेक गणमान्यजन मौजूद रहे।

आयोजन को सफल बनाने में राजेंद्र जायसवाल, रंजन प्रसाद, पुरुषोत्तम दुबे और ओम गवेल का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजन समिति ने कार्यक्रम की सफलता में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

हास्य, व्यंग्य, गीत और श्रृंगार के विविध रंगों से सजी यह काव्य संध्या कोरबा के साहित्यप्रेमियों के लिए यादगार बन गई। कवियों की हर प्रस्तुति पर गूंजती तालियां और श्रोताओं के ठहाके इस बात की गवाही दे रहे थे कि साहित्य का यह उत्सव लोगों के दिलों तक पहुंचने में सफल रहा।

Must Read