छत्तीसगढ़/कोरबा :- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित सुभाष चौक से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां ट्रैफिक सिग्नल पर मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। 24 अप्रैल की देर शाम हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने शहर में कानून व्यवस्था और सड़क पर बढ़ती आक्रामकता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, सिग्नल के दौरान एक स्कॉर्पियो सवार परिवार और ओला स्कूटी से डिलीवरी कर रहे युवक के बीच गाड़ी हटाने को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते बहस बढ़ी और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। आरोप है कि स्कॉर्पियो में सवार एक महिला वाहन से नीचे उतरी और अपने परिजनों के साथ मिलकर डिलीवरी बॉय को सड़क पर गिरा दिया। इसके बाद युवक को लात-घूसों से बेरहमी से पीटा गया।
घटना के दौरान एक राहगीर ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन उसे भी हमलावरों ने नहीं छोड़ा और उसके साथ भी मारपीट की गई। इस दौरान चौक पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। स्थानीय लोगों ने किसी तरह हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को शांत कराया।
बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो सवार परिवार पथरीपारा बस्ती का रहने वाला है। घटना का वीडियो मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है और लोग सार्वजनिक स्थान पर हुई इस तरह की हिंसा की कड़ी निंदा कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रैफिक सिग्नल पर इस तरह के विवाद अक्सर होते हैं, लेकिन खुलेआम मारपीट की यह घटना बेहद चिंताजनक है। लोगों ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल सिविल लाइन थाना पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने और साक्ष्य के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। छोटे-छोटे विवादों का इस तरह हिंसक रूप लेना समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय बनता जा रहा है।










