निहारिका गणेशोत्सव समिति की पहल, पंडित देवशरण दुबे संगीतमयी वाणी से कराएंगे कथा का रसपान
छत्तीसगढ़/कोरबा :- विश्व कल्याण की मंगल भावना के पवित्र उद्देश्य को लेकर निहारिका गणेशोत्सव समिति द्वारा महानदी काम्प्लेक्स परिसर में अंचल में प्रथम बार दस दिवसीय श्री गणेश कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। गणेश चतुर्थी के अवसर पर 14 सितंबर 2026 से प्रारंभ होकर यह आयोजन 23 सितंबर 2026 तक चलेगा।
श्री गणेश कथा के दौरान व्यासपीठ से सर्वधर्मार्थ कल्याण सेवा समिति के संस्थापक एवं मानस तथा भागवत के मर्मज्ञ पंडित देवशरण दुबे अपनी संगीतमयी मधुर वाणी से प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक श्रद्धालुओं को कथा का रसपान कराएंगे। कथा के माध्यम से जनमानस को सुख, शांति, समृद्धि एवं आनंद की प्राप्ति का मार्ग प्रशस्त करने का मार्गदर्शन दिया जाएगा।
दस दिवसीय श्री गणेश कथा में भगवान श्री गणेश के जन्म एवं महिमा, प्रथम पूज्य बनने की कथा, गणेश-परशुराम संवाद, रिद्धि-सिद्धि विवाह, गणेश पुराण के उपदेश तथा जीवन प्रबंधन में गणेश दर्शन सहित अनेक प्रेरणादायी एवं आध्यात्मिक प्रसंगों का विस्तृत वर्णन किया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि गणेशोत्सव के दौरान आयोजित यह श्री गणेश कथा केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में संस्कार, सदाचार, पारिवारिक मूल्यों और आध्यात्मिक चेतना के प्रसार का माध्यम भी बनेगी। विश्व कल्याण की मंगल भावना के साथ अंचल में पहली बार इस विशेष श्री गणेश कथा का आयोजन किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालु कथा का श्रवण कर गणेशोत्सव के आध्यात्मिक एवं सामाजिक उद्देश्य को समझ सकें तथा अपने जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं आनंद का मार्ग प्रशस्त कर सकें।
निहारिका गणेशोत्सव समिति ने समस्त श्रद्धालुओं, गणेश भक्तों, धर्मावलंबियों एवं अंचलवासियों से सपरिवार अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर दस दिवसीय श्री गणेश कथा का श्रवण करने तथा आयोजन का पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है।












