HomeBreaking Newsशराब के लिए पैसे नहीं दिए तो युवक से मारपीट, घर पहुंचकर...

शराब के लिए पैसे नहीं दिए तो युवक से मारपीट, घर पहुंचकर दी जान से मारने की धमकी

मुख्य आरोपी गिरफ्तार, आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए गुंडा बदमाश प्रकरण की कार्रवाई प्रस्तावित

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  थाना उरगा क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे मांगने और पैसे देने से मना करने पर युवक के साथ मारपीट करने तथा बाद में उसके घर पहुंचकर जान से मारने की धमकी देने के मामले में कोरबा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए उसके विरुद्ध गुंडा बदमाश प्रकरण की कार्रवाई के लिए प्रस्ताव भी भेजा गया है।

- Advertisement -

पुलिस के अनुसार 10 सितंबर 2026 की रात करीब 9 बजे फरसवानी निवासी संतोष राठौर अपने दोस्तों के साथ पार्टी में जाने के लिए निकला था। इसी दौरान आरोपियों ने उसे रोककर गाली-गलौज करते हुए शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से मना करने पर आरोपियों ने हाथ-मुक्का से उसके साथ मारपीट की।

इसके बाद रात करीब 12:30 बजे आरोपी पुनः प्रार्थी के घर पहुंचे और वहां भी उसके साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। मारपीट में प्रार्थी के हाथ में चोट आई। रिपोर्ट पर थाना उरगा में अपराध क्रमांक 507/2026 के तहत धारा 296, 115(2), 351(3), 126(2), 119(1), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

मुख्य आरोपी गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना उरगा पुलिस ने आरोपियों की पतासाजी के लिए टीम सक्रिय की। इसी दौरान मुख्य आरोपी के अपने निवास पर मौजूद होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर ज्ञान प्रसाद राठौर पिता लखन लाल राठौर, उम्र 21 वर्ष, निवासी फरसवानी, थाना उरगा, जिला कोरबा को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 BW 0830 भी विधिवत जब्त की है।

हत्या के प्रयास के मामले में पहले जा चुका है जेल

पुलिस के मुताबिक आरोपी ज्ञान राठौर पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण में संलिप्त रहा है और हत्या के प्रयास के मामले में जेल जा चुका है। वह कुछ दिन पहले ही जेल से बाहर आया था। वर्तमान घटना में दोबारा आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने तथा उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि को देखते हुए उसके विरुद्ध गुंडा बदमाश प्रकरण तैयार कर कार्रवाई के लिए प्रस्ताव भेजा गया है।

गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद 12 सितंबर 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। प्रकरण में विवेचना जारी है और घटना में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार वैधानिक एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है।

Must Read