HomeBreaking Newsजवाहर नवोदय विद्यालय छुरी में कलेक्टर की क्लास: विद्यार्थियों से पूछा लक्ष्य,...

जवाहर नवोदय विद्यालय छुरी में कलेक्टर की क्लास: विद्यार्थियों से पूछा लक्ष्य, बोले—सपनों को पूरा करने में प्रशासन बनेगा सहारा

12वीं के बाद सरकारी कॉलेज या उच्च शिक्षण संस्थान में प्रवेश लेने पर संस्था स्तर की पूरी फीस वहन करेगा जिला प्रशासन | पेयजल समस्या एक सप्ताह में दूर करने के निर्देश

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  जवाहर नवोदय विद्यालय छुरी में रविवार को कलेक्टर कुणाल दुदावत अचानक पहुंचे और विद्यार्थियों के बीच शिक्षक की भूमिका में नजर आए। कलेक्टर ने कक्षा 10वीं, 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई, रुचि और भविष्य की योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों से पूछा कि कौन डॉक्टर, इंजीनियर, वकील, शिक्षक सहित अन्य क्षेत्रों में करियर बनाना चाहता है। विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ अपने लक्ष्य साझा किए।     

- Advertisement -

कलेक्टर ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता के लिए लक्ष्य स्पष्ट होना जरूरी है। अभी से अपने लक्ष्य को तय कर पूरी लगन और मेहनत के साथ पढ़ाई करें। उन्होंने विद्यार्थियों को भरोसा दिलाया कि आगे की पढ़ाई में आर्थिक परेशानी उनके सपनों के आड़े नहीं आएगी। कलेक्टर ने कहा कि 12वीं के बाद देश के किसी भी सरकारी कॉलेज अथवा उच्च शिक्षण संस्थान में प्रवेश लेने पर संस्था स्तर पर लगने वाली संपूर्ण फीस का वहन जिला प्रशासन द्वारा किया जाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों से बिना किसी चिंता के पढ़ाई करने और अपने सपनों को साकार करने का आह्वान किया।

पानी की समस्या बताई तो एक सप्ताह में समाधान के निर्देश

विद्यार्थियों ने संवाद के दौरान विद्यालय में पेयजल की समस्या कलेक्टर के सामने रखी। समस्या को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को पाइपलाइन के माध्यम से विद्यालय में पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने एक सप्ताह के भीतर पेयजल समस्या का समाधान सुनिश्चित करने को कहा। 

बास्केटबॉल ग्राउंड से लेकर आधुनिक तीरंदाजी सामग्री तक की मांग

विद्यार्थियों ने विद्यालय में बास्केटबॉल ग्राउंड की आवश्यकता बताई। वहीं प्राचार्य जे.पी. गुप्ता ने विद्यार्थियों के लिए ओपन जिम तथा आधुनिक तीरंदाजी सामग्री उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। कलेक्टर ने विद्यार्थियों की जरूरतों और विद्यालय की खेल सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में आवश्यक पहल का आश्वासन दिया।

ऑडिटोरियम निर्माण में देरी पर नाराजगी

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, भोजन, पेयजल, मूलभूत सुविधाओं और निर्माण कार्यों का जायजा लिया। निर्माणाधीन ऑडिटोरियम का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कार्य में हो रही देरी पर नाराजगी जताई। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को ऑडिटोरियम का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

भोजन व्यवस्था से संतुष्ट मिले विद्यार्थी

कलेक्टर ने विद्यार्थियों से विद्यालय में उपलब्ध भोजन की गुणवत्ता और व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी ली। विद्यार्थियों ने भोजन व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। कलेक्टर ने विद्यालय परिसर, कक्षाओं और अन्य सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के सीईओ प्रतीक जैन, एसडीएम कटघोरा विपिन दुबे, अपर कलेक्टर माधुरी सोम ठाकुर, प्राचार्य जे.पी. गुप्ता सहित शिक्षक रामावतार साकरे, अनामिका मिश्रा, विजय कुमार एवं विद्यालय के अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।

Must Read