HomeBreaking Newsकोसाबाड़ी–एनकेएच हॉस्पिटल मार्ग की बदहाली पर सवाल: करोड़ों का स्वास्थ्य कारोबार, फिर...

कोसाबाड़ी–एनकेएच हॉस्पिटल मार्ग की बदहाली पर सवाल: करोड़ों का स्वास्थ्य कारोबार, फिर सड़क के लिए कौन जिम्मेदार ?

लगभग एक दशक से सड़क की हालत खराब, बारिश में कीचड़ और गड्ढों से मरीजों, परिजनों के साथ डॉक्टर-नर्स व अस्पताल कर्मचारियों की बढ़ी परेशानी

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  कोसाबाड़ी से न्यू कोरबा हॉस्पिटल (एनकेएच) की ओर जाने वाला मार्ग लंबे समय से बदहाली का शिकार है। इस मार्ग पर एनकेएच हॉस्पिटल के साथ कृष्णा हॉस्पिटल भी स्थित है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। इसके अलावा दोनों अस्पतालों में कार्यरत सैकड़ों डॉक्टर, नर्स, मेडिकल स्टाफ और अन्य कर्मचारी भी इसी मार्ग से नियमित रूप से आवागमन करते हैं। सड़क की खराब स्थिति के कारण मरीजों और उनके परिजनों के साथ अस्पताल के कर्मचारियों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

- Advertisement -

बताया जा रहा है कि करीब एक दशक से इस सड़क की हालत में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। जगह-जगह गड्ढे, उबड़-खाबड़ सड़क और बारिश के दिनों में कीचड़ व फिसलन के कारण आवागमन मुश्किल हो जाता है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए स्थिति और भी परेशानी वाली रहती है।

हाल में सड़क पर मिट्टी डाले जाने के बाद बारिश होने से समस्या और गंभीर हो गई है। मिट्टी कीचड़ में तब्दील हो गई है और सड़क पर फिसलन बढ़ गई है। ऐसे में मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने वाले वाहनों के साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।

अस्पतालों को सबसे अधिक लाभ, फिर सड़क सुधार की पहल क्यों नहीं?

इस मार्ग पर स्थित एनकेएच हॉस्पिटल और कृष्णा हॉस्पिटल में प्रतिदिन सैकड़ों मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। अस्पतालों में काम करने वाले डॉक्टर, नर्स, तकनीकी कर्मचारी और अन्य स्टाफ की भी रोजाना आवाजाही इसी मार्ग से होती है। ऐसे में यह सड़क दोनों अस्पतालों की नियमित गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण है।

स्वास्थ्य सेवाओं के लिहाज से यह क्षेत्र महत्वपूर्ण होने के साथ-साथ इन अस्पतालों के लिए व्यावसायिक रूप से भी अहम है। इसके बावजूद अस्पतालों तक पहुंचने वाला मार्ग लंबे समय से खराब स्थिति में बना हुआ है। ऐसे में सवाल उठता है कि मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल में सेवाएं देने वाले कर्मचारियों की सुविधा को देखते हुए सड़क के सुधार की दिशा में अस्पताल प्रबंधन की ओर से अब तक कोई ठोस पहल क्यों नहीं हुई।

बारिश के दिनों में सड़क की स्थिति और खराब हो जाती है। कीचड़, गड्ढों और फिसलन के बीच मरीजों को अस्पताल तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है। वहीं रोजाना ड्यूटी के लिए आने-जाने वाले डॉक्टर, नर्स और अन्य कर्मचारियों को भी इसी परेशानी से गुजरना पड़ता है।

आम आदमी पार्टी ने भी उठाया मुद्दा

सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता आनंद सिंह ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। इस बदहाल सड़क के निराकरण की मांग की है, अब देखना यह है कि वर्षों से बदहाल इस मार्ग की स्थिति कब सुधरती है। फिलहाल सड़क की बदहाली का सबसे अधिक खामियाजा मरीजों और उनके परिजनों के साथ-साथ अस्पतालों में सेवाएं देने वाले डॉक्टर, नर्स और अन्य कर्मचारियों को भुगतना पड़ रहा है।

Must Read