कोरबा पुलिस की कार्रवाई में तीन आरोपी पकड़े गए, चोरी का एसी आउटडोर, नकदी और मोबाइल जब्त
छत्तीसगढ़/कोरबा :- शहर में चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए कोतवाली पुलिस ने एसी का आउटडोर चोरी करने और चोरी का सामान खरीदने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का एसी आउटडोर, नकद रकम और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, भदरापारा बाल्को नगर निवासी प्रमोद कुमार यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 21 अक्टूबर 2026 को हुंडई शोरूम पहुंचने पर सामने लगा एसी का आउटडोर गायब मिला। शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 877/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2), 317(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पूछताछ में सामने आई खरीद-बिक्री की कड़ी
विवेचना के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर गुड्डू बरेठ से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने एसी का आउटडोर चोरी कर कृष्णा बसोड़ को बेचने की बात स्वीकार की। इसके बाद कृष्णा बसोड़ ने उक्त सामान सैफ खान उर्फ सोनू खान को बेचने की जानकारी दी। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया और चोरी का सामान, नकदी तथा एक मोबाइल फोन जब्त किया।
ये तीन आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में गुड्डू बरेठ (23 वर्ष), पिता स्वर्गीय फिरतु बरेठ, निवासी शीतला मंदिर के पास मोतीसागरपारा, थाना कोतवाली, कोरबा; कृष्णा बसोड़ (22 वर्ष), पिता नारायण बसोड़, निवासी बसोड़ मोहल्ला, इमलीडुग्गू, थाना कोतवाली, कोरबा; तथा सैफ खान उर्फ सोनू खान (22 वर्ष), पिता इफ्तिखार आलम, निवासी इमलीडुग्गू गौमाता चौक, थाना कोतवाली, कोरबा शामिल हैं।
कोरबा पुलिस के अनुसार, जिले में चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि चोरी अथवा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना, चौकी या डायल-112 पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।












