आदतन अपराधी के खिलाफ जिला बदर का मामला न्यायालय में लंबित, बाउंड ओवर की शर्तें तोड़ने पर बॉन्ड राशि जब्त करने की कार्रवाई भी शुरू
छत्तीसगढ़/कोरबा :- शहर में धारदार हथियार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले गुंडा बदमाश पंकज शर्मा (31 वर्ष), निवासी अमरैयापारा को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस सहायता केंद्र मानिकपुर और थाना कोतवाली की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी के कब्जे से करीब 13 इंच लंबा लोहे का धारदार हथियार जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी द्वारा धारदार हथियार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने के मामले में थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 934/2026 के तहत बीएनएस की धारा 296, 351(3), 115(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। जब्त हथियार की कुल लंबाई लगभग 13 इंच, धारदार फल की लंबाई 10 इंच और मूठ की लंबाई करीब साढ़े 3 इंच बताई गई है।
जिला बदर की कार्रवाई भी प्रक्रियाधीन
पुलिस के मुताबिक पंकज शर्मा क्षेत्र का आदतन अपराधी एवं गुंडा बदमाश है। उसकी आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए जिला बदर की कार्रवाई के लिए प्रकरण तैयार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है, जो फिलहाल लंबित है। पुलिस उसकी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रख रही है।
बाउंड ओवर की शर्तें तोड़ने पर बॉन्ड राशि जब्ती की तैयारी
आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 129 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई थी। उस दौरान निर्धारित प्रतिभूति राशि लेकर उसे शांति एवं सदाचार बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने के लिए बाउंड ओवर किया गया था। इसके बावजूद दोबारा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर पुलिस ने बॉन्ड की शर्तों के उल्लंघन को लेकर सिटी मजिस्ट्रेट के समक्ष राशि जब्त करने हेतु प्रतिवेदन प्रस्तुत किया है।
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।












