HomeBreaking Newsबालको के सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने देखा संयंत्र का बदला स्वरूप, विकास यात्रा...

बालको के सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने देखा संयंत्र का बदला स्वरूप, विकास यात्रा और आधुनिक तकनीक से हुए रूबरू

कोलकाता, पुणे और हैदराबाद सहित देश के विभिन्न शहरों से पहुंचे पूर्व कर्मचारियों ने स्मेल्टर, कास्ट हाउस और पावर प्लांट का किया भ्रमण, पुरानी यादें ताजा कर जताया गर्व

छत्तीसगढ़/कोरबा-बालकोनगर :-  भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) के सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए अपने पुराने कार्यस्थल पर लौटना यादगार अनुभव बन गया। कोलकाता, पुणे, हैदराबाद सहित देश के विभिन्न शहरों से पहुंचे पूर्व कर्मचारियों ने बालको संयंत्र का भ्रमण किया और वर्षों के दौरान कंपनी में हुए बदलावों तथा विकास यात्रा को करीब से देखा।

- Advertisement -

वेदांता एल्यूमिनियम मेटल लिमिटेड की कंपनी बालको ने अपने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सम्मान और उनके साथ आत्मीय जुड़ाव बनाए रखने की परंपरा के तहत इस विशेष संयंत्र भ्रमण का आयोजन किया। इस दौरान पूर्व कर्मचारियों ने उन स्थानों का दौरा किया, जहां उन्होंने अपने सेवाकाल के महत्वपूर्ण वर्ष बिताए और कंपनी की विकास यात्रा में योगदान दिया था।

भ्रमण के दौरान स्मेल्टर, कास्ट हाउस और पावर प्लांट सहित संयंत्र की प्रमुख इकाइयों का अवलोकन किया गया। पूर्व कर्मचारियों ने आधुनिक मशीनरी, तकनीकी बदलावों, उन्नत सुरक्षा प्रणालियों, डिजिटलीकरण और उत्पादन क्षमता में हुई वृद्धि को देखा। एआई आधारित सुरक्षा तकनीकों और आधुनिक कार्यप्रणालियों ने उन्हें विशेष रूप से प्रभावित किया। कंपनी प्रतिनिधियों ने बालको की वर्तमान उपलब्धियों और भविष्य की विस्तार योजनाओं की जानकारी भी दी।

सेवानिवृत्त कर्मचारी वी.के. धर ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि वे मानव संसाधन विभाग में कार्यरत थे। उस समय बालको में लगभग एक लाख टन उत्पादन होता था, जबकि आज कंपनी 10 लाख टन उत्पादन के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने चेयरमैन अनिल अग्रवाल द्वारा कर्मचारियों के लिए घोषित 10 प्रतिशत ग्रांट पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि पहले की तुलना में संयंत्र की सुरक्षा व्यवस्था में भी काफी सुधार हुआ है।

सेवानिवृत्त कर्मचारी देवेंद्र कुमार अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने वर्ष 1977 में बालको में काम शुरू किया था। कंपनी की विकास यात्रा के साथ कर्मचारियों को भी आगे बढ़ने और नए अवसरों पर काम करने का मौका मिला। विशेष रूप से रोलिंग मिल में नवाचार और नई तकनीकों को सीखने के कई अवसर मिले। आज संयंत्र अधिक सुंदर और सुव्यवस्थित हो गया है। सुरक्षा और गुणवत्ता के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है।

वहीं, शरद गहरना ने कहा कि वर्ष 1977 में जब बालको अपने शुरुआती दौर में था, तब उन्होंने यहां काम करना शुरू किया था। आज कंपनी ने उनकी कल्पना से भी कहीं अधिक विकास किया है। कर्मचारियों को लगन और समर्पण के साथ काम करते देखकर विश्वास होता है कि बालको भविष्य में भी नई ऊंचाइयां हासिल करेगा। उन्होंने संयंत्र में पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों और चारों ओर दिखाई दे रही हरियाली की भी सराहना की।

सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने वर्षों बाद अपने पुराने कार्यस्थल पर पहुंचकर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि बालको उनके लिए केवल एक कार्यस्थल नहीं, बल्कि जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। पुराने कार्यस्थलों को देखकर उन्हें अपने सहकर्मियों, टीम और साथ बिताए पलों की याद आई। वहीं, आधुनिक तकनीकों, बेहतर सुरक्षा व्यवस्थाओं और विस्तारित संयंत्र को देखकर उन्हें गर्व महसूस हुआ।

पूर्व कर्मचारियों ने बालको प्रबंधन की इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रखने की अपेक्षा जताई। बालको प्रबंधन का मानना है कि वर्तमान और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के साथ मजबूत संबंध बनाए रखना कंपनी की समृद्ध विरासत का सम्मान करने के साथ-साथ विभिन्न पीढ़ियों के बीच अनुभव, ज्ञान और प्रेरणा के आदान-प्रदान को भी प्रोत्साहित करता है।

Must Read