बिहान मिशन के तहत बैंकर्स एवं कर्मचारियों की प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित, ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और वित्तीय साक्षरता बढ़ाने पर जोर
छत्तीसगढ़/कोरबा :- ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और स्व-सहायता समूहों को आजीविका गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से जिला पंचायत कोरबा के सभाकक्ष में बैंकर्स एवं संबंधित कर्मचारियों के लिए प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित की गई। छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत आयोजित इस कार्यशाला में समूह एवं व्यक्तिगत ऋण वितरण और वित्तीय समावेशन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यशाला में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रतीक जैन ने बैंकर्स एवं बिहान मिशन के अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्देशित किया कि स्व-सहायता समूहों और पात्र हितग्राहियों को उनकी आवश्यकतानुसार समय पर ऋण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने बैंक ऋण प्रकरणों के निराकरण में अनावश्यक देरी नहीं करने तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से दिलाने पर जोर दिया।
श्री जैन ने कहा कि ग्रामीण महिलाओं को आजीविका गतिविधियों से जोड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए बैंकर्स और मिशन के मैदानी अमले के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। वित्तीय समावेशन का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा देने और लोगों को बैंकिंग सेवाओं एवं ऋण संबंधी प्रक्रियाओं की जानकारी देने के निर्देश भी दिए।
प्रशिक्षण के दौरान समूह एवं व्यक्तिगत ऋण वितरण, बैंकिंग सेवाओं की उपलब्धता और वित्तीय समावेशन गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े विषयों पर जानकारी दी गई। साथ ही बैंकर्स और बिहान मिशन के मैदानी कर्मचारियों के बीच समन्वय मजबूत कर हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया गया।
इस अवसर पर एनआरपी श्री सिंह, सहायक राज्य कार्यक्रम प्रबंधक दीपेश धाबलिया, सहायक परियोजना अधिकारी इंदिरा भगत, डीएमएम अनुराग जैन, डीपीएम चिराग ठक्कर सहित विभिन्न बैंक शाखाओं के प्रबंधक, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अधिकारी-कर्मचारी एवं कैडर उपस्थित रहे।












