कर्मचारी की ग्रेच्युटी, दीपावली बोनस और अनुग्रह राशि अपने खाते में कराई थी ट्रांसफर, आरटीजीएस के जरिए किया था ₹56,065 का गबन
छत्तीसगढ़/कोरबा :- सीएसईबी विभाग की ₹56,065 की राशि का गबन करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर विभागीय कर्मचारी की ग्रेच्युटी, दीपावली बोनस एवं अनुग्रह राशि को आरटीजीएस के माध्यम से अपने बैंक खाते में ट्रांसफर कर गबन करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, कार्यालय कार्यपालन अभियंता, तुलसीनगर कोरबा में पदस्थ प्रार्थी शत्रुहन कुमार सोनी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 177/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी हरीश कुमार साहू (35 वर्ष), पिता स्व. अंजोर साय, निवासी एसई/522, सीएसईबी कॉलोनी, कोरबा पूर्व, थाना सिविल लाइन रामपुर को उसके निवास से हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी संभागीय कार्यालय स/सं संभाग कोरबा, तुलसीनगर में लाइन परिचालक के पद पर कार्यरत था। इसी दौरान उसने एक कर्मचारी की ग्रेच्युटी, दीपावली बोनस एवं अनुग्रह राशि कुल ₹56,065 को आरटीजीएस के माध्यम से अपने खाते में ट्रांसफर कर लिया था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध अपराध घटित होना पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(5), 336, 340 एवं 238 के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना, चौकी अथवा डायल-112 पर दें।












