HomeBreaking Newsकोरबा को मिलेगी दो बड़ी सड़कों की सौगात, 47.46 करोड़ रुपये से...

कोरबा को मिलेगी दो बड़ी सड़कों की सौगात, 47.46 करोड़ रुपये से बदलेगी आवागमन की तस्वीर

उरगा-सीतामणी मार्ग के लिए 34.33 करोड़ और गौमाता चौक-रेलवे स्टेशन सड़क के लिए 13.13 करोड़ की प्रशासकीय स्वीकृति, चांपा जाने से लेकर शहर के भीतर आवाजाही तक मिलेगी राहत

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  कोरबा जिले में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने की दिशा में दो महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को प्रशासकीय स्वीकृति मिल गई है। उरगा से सीतामणी तक 9.40 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए 34 करोड़ 33 लाख 4 हजार 635 रुपये तथा गौमाता चौक से रेलवे स्टेशन तक लगभग 2.90 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए 13 करोड़ 13 लाख 62 हजार 678 रुपये स्वीकृत किए गए हैं। दोनों परियोजनाओं पर कुल 47 करोड़ 46 लाख 67 हजार 313 रुपये खर्च होंगे। इन सड़कों के निर्माण से कोरबा के बाहरी मार्गों की कनेक्टिविटी मजबूत होने के साथ शहर के भीतर आवागमन भी पहले से अधिक सुविधाजनक होने की उम्मीद है।

- Advertisement -

चांपा जाने वालों को मिलेगी बड़ी राहत

उरगा से सीतामणी तक प्रस्तावित 9.40 किलोमीटर सड़क कोरबावासियों के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी। लंबे समय से चांपा की ओर जाने वाले लोगों को आवागमन में विभिन्न परेशानियों का सामना करना पड़ता रहा है। इस सड़क के निर्माण से बिलासपुर-उरगा-हाटी भारतमाला मार्ग से कोरबा की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। साथ ही चांपा रेलवे स्टेशन और चांपा की ओर जाने वाले मार्गों तक पहुंचना अधिक सुविधाजनक होगा। इसके लिए 34 करोड़ 33 लाख 4 हजार 635 रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है।

गौमाता चौक से रेलवे स्टेशन तक बनेगी सड़क

शहर के भीतर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए गौमाता चौक से रेलवे स्टेशन तक लगभग 2.90 किलोमीटर सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए 13 करोड़ 13 लाख 62 हजार 678 रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस सड़क के बनने से गौमाता चौक और रेलवे स्टेशन के बीच आवाजाही सुगम होगी। साथ ही सीतामढ़ी और इमलीडुग्गू रेलवे क्रॉसिंग की ओर आने-जाने वाले नागरिकों को भी बेहतर मार्ग उपलब्ध होने की उम्मीद है। इससे रेलवे यात्रियों और स्थानीय नागरिकों को रोजमर्रा के आवागमन में राहत मिलेगी।

एसईसीएल की सहमति के बाद हुआ एमओयू

इन दोनों विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए एसईसीएल के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की 392वीं बैठक में प्रशासनिक सहमति के बाद जिला प्रशासन और एसईसीएल के बीच 9 अक्टूबर 2026 को एमओयू निष्पादित किया गया। दोनों सड़कों का निर्माण लोक निर्माण विभाग द्वारा कराया जाएगा।

लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता जी.आर. जांगड़े ने बताया कि दोनों सड़क निर्माण कार्य स्वीकृत प्रक्रिया के अनुसार निर्धारित गुणवत्ता एवं तकनीकी मानकों का पालन करते हुए कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इन मार्गों के निर्माण से नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री अरुण साव, उद्योग एवं श्रम मंत्री तथा स्थानीय कोरबा विधायक लखन लाल देवांगन और कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन एवं समन्वय से इन विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि कलेक्टर कुणाल दुदावत ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ प्रस्तावित मार्गों का निरीक्षण भी किया था और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे।

दोनों सड़क परियोजनाओं की स्वीकृति से कोरबा की सड़क कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है। अब नागरिकों को इन मार्गों के निर्माण कार्य शुरू होने और समयबद्ध तरीके से पूरा होने का इंतजार रहेगा।

Must Read