मारवाड़ी ब्राह्मण विकास समिति का दीपावली मिलन समारोह एवं अन्नकूट महोत्सव हर्षोल्लास से संपन्न, मेधावी विद्यार्थियों और विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं का हुआ सम्मान
छत्तीसगढ़/कोरबा :- मारवाड़ी ब्राह्मण विकास समिति, कोरबा द्वारा दीपावली मिलन समारोह एवं अन्नकूट महोत्सव का भव्य आयोजन दुरपा रोड स्थित परशुराम भवन में सामाजिक एकता, आपसी सौहार्द और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रदेश के उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष कैलाश शर्मा ने की। वहीं रामचरितमानस चौपाई प्रतियोगिता के निर्णायक पंडित शिवराज शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। 
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री परशुराम एवं भगवान श्रीकृष्ण के विधिवत पूजन-अर्चन के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने समाजजनों को दीपावली मिलन, गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि किसी भी समाज की उन्नति और प्रगति के लिए एकजुटता बेहद आवश्यक है। संगठन में ही शक्ति निहित है और अन्नकूट का पर्व भी हमें यही संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने विपरीत परिस्थितियों में ब्रजवासियों को एकजुट होकर संकट का सामना करने की प्रेरणा दी थी। गोवर्धन पर्वत उठाने का प्रसंग सामूहिक सहभागिता, सहयोग और एकता की शक्ति का प्रतीक है। यह हमें सिखाता है कि जब सभी लोग मिलकर प्रयास करते हैं तो कठिन से कठिन कार्य भी संभव हो जाता है। अन्नकूट में विभिन्न प्रकार के व्यंजनों से तैयार सामूहिक प्रसाद भी विविधता में एकता और सामाजिक समरसता का सुंदर उदाहरण है।
समारोह के दौरान मारवाड़ी ब्राह्मण विकास समिति एवं मारवाड़ी ब्राह्मण महिला मंडल द्वारा शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत एवं सम्मानित किया गया। इसके साथ ही मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान कर उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों को प्रोत्साहित किया गया। रामचरितमानस चौपाई प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों को निर्णायक पंडित शिवराज शर्मा के करकमलों से प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए।
इस अवसर पर पंडित शिवराज शर्मा ने प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि भगवान श्रीराम का नाम लेना और उनका गुणगान करना भी उनकी कृपा से ही संभव होता है। रामचरितमानस चौपाई प्रतियोगिता केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, पारिवारिक संस्कारों और भगवान श्रीराम के आदर्शों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का सराहनीय प्रयास है। जब रामचरितमानस की चौपाइयां हमारे हृदय में स्थान बनाती हैं, तब हमारी संस्कृति पीढ़ी-दर-पीढ़ी जीवंत बनी रहती है।
समिति के वरिष्ठ सदस्य पंडित दीनदयाल शर्मा ने मुख्य अतिथि उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा एवं संजय शर्मा ने किया। इसके पश्चात भगवान को अन्नकूट प्रसाद का भोग अर्पित कर सामूहिक आरती की गई। उपस्थित समाजजनों ने श्रद्धापूर्वक अन्नकूट की प्रसादी ग्रहण की।
आयोजन को सफल बनाने में समिति के संरक्षक नाड़ीवैद्य पंडित शिव कुमार शर्मा, अध्यक्ष कैलाश शर्मा, सचिव शशि शर्मा, कोषाध्यक्ष सुरेश शर्मा तथा मारवाड़ी ब्राह्मण महिला मंडल की संरक्षिका निर्मला शर्मा, अध्यक्ष रेणु पुजारी, सचिव अंजू चौमाल एवं कोषाध्यक्ष सोनल शर्मा सहित समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। बड़ी संख्या में समाजबंधुओं एवं मातृशक्ति ने सपरिवार उपस्थित होकर आयोजन की गरिमा बढ़ाई।
दीपावली मिलन समारोह एवं अन्नकूट महोत्सव ने सामाजिक एकता, पारिवारिक संस्कारों, सांस्कृतिक परंपराओं और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का प्रेरणादायी संदेश दिया।












