प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से सतरेगा बनेगा सौर ऊर्जा में आत्मनिर्भर आदर्श गांव, सीईओ जिला पंचायत प्रतीक जैन ने ग्रामसभा में ग्रामीणों को दी योजना की जानकारी
छत्तीसगढ़/कोरबा :- कोरबा जिले के वनांचल ग्राम सतरेगा में अब सौर ऊर्जा से बिजली की नई रोशनी पहुंचेगी। गांव के सभी 200 घरों को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से जोड़ने की पहल की जा रही है। लगभग 650 की आबादी वाले इस गांव के प्रत्येक घर की छत पर रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित किए जाएंगे। इस पहल के पूरा होने पर सतरेगा जिले का ऐसा आदर्श गांव बनेगा, जहां हर घर सौर ऊर्जा से जुड़कर बिजली के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ेगा।
शुक्रवार को ग्राम सतरेगा में आयोजित ग्रामसभा में सीईओ जिला पंचायत प्रतीक जैन शामिल हुए। उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी मांगों एवं समस्याओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी देते हुए ग्रामीणों को अपने घरों में सौर ऊर्जा प्रणाली अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।
सीईओ प्रतीक जैन ने कहा कि सौर ऊर्जा स्वच्छ, पर्यावरण अनुकूल और किफायती ऊर्जा का बेहतर विकल्प है। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से घरों की छतों पर सोलर सिस्टम स्थापित होने से परिवारों को बिजली बिल में राहत मिलेगी। इसके साथ ही निर्धारित प्रावधानों के अनुसार अतिरिक्त बिजली उत्पादन को विद्युत ग्रिड में भेजकर आर्थिक लाभ प्राप्त करने का अवसर भी मिलेगा। उन्होंने ग्रामीणों से योजना का अधिकाधिक लाभ उठाने और सतरेगा को सौर ऊर्जा से संपन्न आदर्श गांव बनाने में सहयोग करने की अपील की।
ग्रामसभा के दौरान सीईओ ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत स्वीकृत एवं निर्माणाधीन आवासों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने विकसित भारत जी राम जी योजना के तहत संचालित विकास कार्यों तथा स्कूलों में बालिका शौचालयों की उपलब्धता की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा परिवारों की आवागमन संबंधी परेशानियों को भी गंभीरता से लिया। उनके आवागमन को सुगम बनाने के लिए धरसा निर्माण के संबंध में आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए, ताकि पहाड़ी कोरवा परिवारों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इस अवसर पर सीईओ जनपद पंचायत कोरबा संजय राय, एसडीओ आरईएस, छत्तीसगढ़ विद्युत विभाग के अधिकारी, विकसित भारत जी राम जी योजना के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।












