HomeBreaking Newsकोरबा प्रेस क्लब ने उदय चौधरी के खिलाफ एसपी को सौंपा शिकायत...

कोरबा प्रेस क्लब ने उदय चौधरी के खिलाफ एसपी को सौंपा शिकायत पत्र, निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  कोरबा प्रेस क्लब ने उदय चौधरी के खिलाफ पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत सौंपकर उनकी कथित गतिविधियों की निष्पक्ष जांच और साक्ष्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में स्वयं को पत्रकार के रूप में प्रस्तुत कर भ्रामक, अपुष्ट और तथ्यहीन समाचार प्रसारित करने सहित विभिन्न गतिविधियों को लेकर सामने आई शिकायतों का उल्लेख किया गया है।

- Advertisement -

इस दौरान प्रेस क्लब अध्यक्ष नौशाद खान, उपाध्यक्ष राजकुमार शाह, सचिव दिनेश राज, उप सचिव हरीश तिवारी और कार्यकारिणी सदस्य राजेश कुमार मिश्रा (मिठ्ठू) उपस्थित रहे।

प्रेस क्लब अध्यक्ष नौशाद खान एवं सचिव दिनेश राज ने कहा कि उदय चौधरी की गतिविधियों को लेकर सामने आई शिकायतों की गंभीरता से जांच होनी चाहिए। प्रकाशित समाचारों की तथ्यात्मकता, संबंधित पक्षों का पक्ष जाने बिना लगाए गए आरोपों तथा किसी व्यक्ति की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वाली सामग्री की भी पड़ताल जरूरी है। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियों से आम नागरिकों, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच भ्रम की स्थिति निर्मित होती है और निष्पक्ष पत्रकारिता की विश्वसनीयता प्रभावित होती है।

शिकायत पत्र में मांग की गई है कि यदि जांच में जानबूझकर कोरबा प्रेस क्लब को बदनाम करने, झूठे आरोप लगाने, पहचान का दुरुपयोग करने, धमकाने अथवा अनुचित लाभ लेने जैसे कृत्य प्रमाणित होते हैं, तो भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 356 (मानहानि) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 66C और 66D सहित अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाए।

प्रेस क्लब ने यह भी स्पष्ट किया है कि केवल पत्रकार होने का दावा करना अपने आप में कोई अपराध नहीं है। इसलिए किसी भी प्रकार की कार्रवाई वास्तविक कृत्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही होनी चाहिए। पुलिस प्रशासन से उदय चौधरी की वास्तविक पहचान और संबंधित गतिविधियों की नियमानुसार जांच कराने, प्रकाशित सामग्री की तथ्यात्मकता परखने तथा साइबर सेल के माध्यम से डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित कराने की मांग की गई है।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि यदि पत्रकारिता की आड़ में किसी को धमकाने, ब्लैकमेल करने अथवा धन की मांग करने के प्रमाण मिलते हैं, तो संबंधित कानूनी धाराओं के तहत कठोर कार्रवाई की जाए। क्लब ने अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और निष्पक्ष पत्रकारिता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि उसका उद्देश्य किसी निर्दोष को प्रताड़ित करना या स्वतंत्र पत्रकारिता पर अंकुश लगाना नहीं है।

प्रेस क्लब ने पुलिस प्रशासन से जांच की कार्रवाई और उसके निष्कर्षों की जानकारी लिखित रूप में उपलब्ध कराने की अपेक्षा जताई है। शिकायत की प्रतिलिपि पुलिस महानिरीक्षक, बिलासपुर रेंज और कलेक्टर, कोरबा को सूचनार्थ तथा साइबर थाना, कोरबा को आवश्यक जांच के लिए भेजी गई है।

जांच कर कार्रवाई का एसपी ने दिया आश्वासन

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने प्रेस क्लब के प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि प्राप्त शिकायत के आधार पर मामले की जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग करने वाले अन्य संदिग्ध लोगों की पहचान के लिए भी अभियान चलाया जाएगा, ताकि भ्रामक और अनुचित गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। एसपी ने पीड़ितों से पर्याप्त साक्ष्यों के साथ निःसंकोच शिकायत करने की अपील करते हुए कहा कि जांच के बाद दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Must Read