HomeBreaking Newsजनजातीय गौरव दिवस पर धर्मजयगढ़ में भाजपा दिखाएगी ताकत, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन...

जनजातीय गौरव दिवस पर धर्मजयगढ़ में भाजपा दिखाएगी ताकत, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के स्वागत में कोरबा से जुटेंगे 10 हजार से अधिक लोग

जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी के नेतृत्व में तैयारियों को अंतिम रूप, 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर होगा भव्य आयोजन, संगठन की बैठक में पदाधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियां

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर 15 नवंबर को मनाए जाने वाले जनजातीय गौरव दिवस को ऐतिहासिक और भव्य बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बार आयोजन का विशेष महत्व इसलिए भी है, क्योंकि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार छत्तीसगढ़ आगमन हो रहा है। उनके स्वागत और अभिनंदन के लिए रायगढ़ जिले के धर्मजयगढ़ में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में कोरबा जिले से 10 हजार से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए जिला भाजपा संगठन ने व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं।

- Advertisement -

इसी सिलसिले में गुरुवार, 12 नवंबर को जिला भाजपा कार्यालय कोरबा में महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने की, जबकि संभाग सह प्रभारी अभिषेक शुक्ला विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रस्तावित प्रवास, जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन तथा कोरबा जिले से अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों, आवागमन, वाहनों की व्यवस्था और कार्यक्रम से जुड़ी अन्य तैयारियों की समीक्षा करते हुए पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।   

10 हजार से अधिक लोगों के साथ धर्मजयगढ़ पहुंचेगा कोरबा जिला : गोपाल मोदी

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि 15 नवंबर का दिन भारतीय जनता पार्टी के लिए विशेष महत्व रखता है। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का छत्तीसगढ़ में प्रथम आगमन हो रहा है। ऐसे में उनके स्वागत और अभिनंदन के साथ जनजातीय समाज के गौरव एवं स्वाभिमान के प्रतीक भगवान बिरसा मुंडा को नमन करने का यह विशेष अवसर है।

उन्होंने कहा कि कोरबा जिला जनजातीय बाहुल्य क्षेत्र है और यहां जनजातीय समाज के भाई-बहनों की बड़ी संख्या निवास करती है। इसलिए इस ऐतिहासिक आयोजन में कोरबा जिले की भागीदारी भी ऐतिहासिक होनी चाहिए। संगठन ने कम से कम 10 हजार लोगों को धर्मजयगढ़ पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और जनजातीय समाज के लोगों से आह्वान किया कि वे 15 नवंबर को सुबह 8 से 8:30 बजे तक धर्मजयगढ़ पहुंचकर कार्यक्रम में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर राष्ट्रीय अध्यक्ष का भव्य स्वागत करेंगे और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को यादगार बनाएंगे।

राष्ट्रीय अध्यक्ष का प्रथम छत्तीसगढ़ प्रवास संगठन के लिए गौरव का अवसर : अभिषेक शुक्ला

संभाग सह प्रभारी अभिषेक शुक्ला ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का 15 नवंबर को रायगढ़ जिले के धर्मजयगढ़ में आगमन संगठन के लिए गौरव का विषय है। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम में जनजातीय समाज की व्यापक भागीदारी रहेगी। इसके साथ ही भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में उपस्थित होंगे।

उन्होंने कहा कि आयोजन को सफल बनाने के लिए संगठनात्मक स्तर पर समन्वय और व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है। प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करना होगा। कार्यक्रम की भव्यता कार्यकर्ताओं की सक्रियता, अनुशासन और सामूहिक सहभागिता से ही सुनिश्चित होगी।

जनजातीय समाज के गौरव, सम्मान और विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध : कृष्णकांत चंद्रा

जिला प्रभारी कृष्णकांत चंद्रा ने कहा कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में जनजातीय समाज को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया, जबकि उनके गौरव, सम्मान और विकास के लिए अपेक्षित कार्य नहीं किए। इसके विपरीत केंद्र और राज्य सरकार जनजातीय समाज के उत्थान, सम्मान और अधिकारों को प्राथमिकता देते हुए अनेक महत्वपूर्ण कार्य कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जनजातीय समाज के अधिकारों, स्वाभिमान और स्वतंत्रता के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया। उनकी जयंती पर धर्मजयगढ़ में आयोजित होने वाला कार्यक्रम जनजातीय समाज के गौरव और सम्मान को समर्पित होगा। इसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उन्होंने कोरबा जिले से बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

वरिष्ठ नेताओं और संगठन पदाधिकारियों की रही उपस्थिति

बैठक में प्रदेश मंत्री रितु चौरसिया, जिला प्रभारी कृष्णकांत चंद्रा, विधायक प्रेमचंद पटेल, महापौर संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, राज्य हाथकरघा संघ के अध्यक्ष भोजराम देवांगन, नगर पालिका बाकी मोंगरा की अध्यक्ष सोनी विकास झा, जनपद पंचायत करतला की अध्यक्ष अशोका बाई कंवर, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मीना शर्मा, एमआईसी सदस्य हितानंद अग्रवाल, जिला महामंत्री संजय शर्मा एवं अजय विश्वकर्मा, जिला कोषाध्यक्ष अजय पांडेय, जिला उपाध्यक्ष मंजू सिंह, रुक्मणी नायर, योगेश जैन, रेणुका राठिया एवं लक्की नंदा, सचेतक सत्येंद्र दुबे, जिला मंत्री सतीश झा, अजय कंवर, कमला बरेठ, कमला किंडो, नवीन अरोड़ा, अर्जुन गुप्ता, मनोज राठौर, शैलेन्द्र यादव, नीरज ठाकुर, संजय राठौर, अजय चंद्रा, प्रदीप सिंह, अविनाश दुबे, डॉ. विजय राठौर, कुलसिंह कंवर, प्रीति स्वर्णकार, रामनारायण सराफ, राजेश लहरे, उत्तम सिंह रंधावा, संजय शर्मा (दीपका) एवं द्वारिका शर्मा सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

इसके अलावा मंडल प्रभारी एवं सह प्रभारी, कोरबा और रामपुर विधानसभा क्षेत्र के मंडल अध्यक्ष एवं महामंत्री, विभिन्न मोर्चों के जिलाध्यक्ष एवं महामंत्री, मंडल कार्यक्रम प्रभारी, वाहन प्रभारी, शक्तिकेंद्र कार्यक्रम एवं वाहन प्रभारी तथा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश एवं जिला पदाधिकारी और कार्यसमिति सदस्य भी बैठक में शामिल हुए।

एकजुटता और समन्वय के साथ आयोजन को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प

बैठक में कार्यक्रम की सफलता के लिए संगठनात्मक एकजुटता, अनुशासन और आपसी समन्वय पर विशेष जोर दिया गया। सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को सौंपी गई जिम्मेदारियों का समय-सीमा में निर्वहन करने तथा अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक के अंत में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर 15 नवंबर को धर्मजयगढ़ में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस को ऐतिहासिक बनाने और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के प्रथम छत्तीसगढ़ प्रवास को भव्य एवं यादगार बनाने का संकल्प लिया।

Must Read