HomeBreaking Newsजिला पंचायत की सामान्य सभा में विकास कार्यों की समीक्षा, ग्रामीण सड़कों...

जिला पंचायत की सामान्य सभा में विकास कार्यों की समीक्षा, ग्रामीण सड़कों की मरम्मत को प्राथमिकता

जिला पंचायत विकास निधि की कार्ययोजना को मंजूरी, धान खरीदी में नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  जिला पंचायत कोरबा की सामान्य सभा की बैठक बुधवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विभागों की योजनाओं, विकास कार्यों और उनकी प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान जिला पंचायत विकास निधि की कार्ययोजना का अनुमोदन किया गया। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों की क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और सड़क सुरक्षा के उपायों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।

- Advertisement -

बैठक में वन मंडल कोरबा एवं कटघोरा के विभागीय कार्यों के साथ कैम्पा मद से स्वीकृत और संचालित कार्यों की समीक्षा की गई। इसके अलावा लोक निर्माण, सहकारिता, अंत्यावसायी एवं रेशम विभाग की योजनाओं और गतिविधियों पर चर्चा हुई। संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

वर्षा ऋतु के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर और क्षतिग्रस्त सड़कों की स्थिति का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों की आवागमन संबंधी परेशानियों को देखते हुए सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने की आवश्यकता जताई। इस पर अधिकारियों को सड़कों की स्थिति का परीक्षण कर आवश्यक मरम्मत एवं सुधार कार्य प्राथमिकता से पूरा कराने के निर्देश दिए गए।

धान खरीदी को लेकर भी बैठक में निर्देश दिए गए कि किसानों से शासन द्वारा निर्धारित नियमों के अनुरूप ही धान खरीदी की जाए। इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने को कहा गया।

बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने विभागों की योजनाओं, उपलब्धियों, विकास कार्यों की प्रगति और हितग्राहियों को मिल रहे लाभों की जानकारी प्रस्तुत की। वहीं जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की स्थानीय आवश्यकताओं और ग्रामीणों से जुड़ी समस्याओं को उठाया। इन विषयों पर अधिकारियों को नियमानुसार परीक्षण कर समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती निकिता मुकेश जायसवाल, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रेणुका राठिया, श्रीमती शांति मरावी, श्रीमती सुष्मिता अनंत कमलेश, श्रीमती सावित्री अजय कंवर, श्रीमती सुषमा रवि रजक, श्री विनोद कुमार यादव, श्रीमती माया रूपेश कंवर, श्री कौशल नेटी एवं श्री विद्वान सिंह मरकाम, उपसंचालक पंचायत श्री मिथलेश किसान सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Must Read