HomeBreaking Newsमासूम भव्या को न्याय दिलाने बालको में सड़कों पर उतरी छत्तीसगढ़िया क्रांति...

मासूम भव्या को न्याय दिलाने बालको में सड़कों पर उतरी छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना और जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी

राम मंदिर से मिनीमाता चौक तक निकला विशाल कैंडल मार्च, दोषियों को फांसी और फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग के साथ गूंजे नारे

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  सात वर्षीय मासूम भव्या जोशी को न्याय दिलाने और उसके साथ हुई जघन्य घटना के दोषियों को कठोरतम सजा दिलाने के संकल्प के साथ 23 अक्टूबर 2026 को छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना और जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी की बालको टीम ने विशाल कैंडल मार्च निकाला। बालको के राम मंदिर से मिनीमाता चौक तक निकले इस मार्च में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने भाग लेकर मासूम को श्रद्धांजलि अर्पित की।

- Advertisement -

कैंडल मार्च के दौरान लोगों के हाथों में जलती मोमबत्तियां और न्याय की मांग वाले बैनर-पोस्टर नजर आए। “भव्या जोशी को न्याय दो”, “दोषियों को फांसी दो” और “बेटियों पर अत्याचार नहीं सहेंगे” जैसे नारों के साथ प्रदर्शनकारियों ने अपना आक्रोश जाहिर किया। पूरे मार्च में मासूम को न्याय दिलाने और बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का संदेश प्रमुखता से सामने आया।

फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कर जल्द न्याय दिलाने की मांग

दोनों संगठनों के पदाधिकारियों ने कहा कि मासूम भव्या के साथ हुई अपहरण, दुराचार और निर्मम हत्या की घटना ने पूरे समाज को झकझोर दिया है। ऐसी जघन्य घटनाओं में त्वरित न्याय सुनिश्चित होना चाहिए। उन्होंने सरकार और प्रशासन से मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने तथा दोषियों को जल्द से जल्द कठोरतम सजा दिलाने की मांग की।

आयोजकों ने कहा कि बेटियों की सुरक्षा केवल परिवार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और समय पर न्याय से ही समाज में कानून के प्रति विश्वास मजबूत होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि न्याय की दिशा में जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, तो संगठन आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होगा।

संगठन के पदाधिकारी और नागरिक हुए शामिल

कैंडल मार्च में छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के महासचिव राकेश सूर्यवंशी, बालको अध्यक्ष संदीप चौहान, जिला उपाध्यक्ष राकेश यादव, जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के जिला उपाध्यक्ष संजीव गोस्वामी, बालको खंड अध्यक्ष अनूप दास सहित दोनों संगठनों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए।

दो मिनट का मौन रखकर मासूम को दी श्रद्धांजलि

कैंडल मार्च के समापन पर दिवंगत मासूम भव्या जोशी की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान लोगों से बच्चों की सुरक्षा के प्रति सजग रहने, अभिभावकों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने की अपील की गई।

कैंडल मार्च के जरिए छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना और जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने स्पष्ट संदेश दिया कि मासूम भव्या को न्याय दिलाने की आवाज थमने वाली नहीं है। कार्यक्रम का समापन “भव्या जोशी को न्याय दिलाना है, न्याय लेकर रहेंगे” के संकल्प के साथ हुआ।

Must Read