उमागोपाल के नेतृत्व में मुख्य गेट पर नारेबाजी, मांगें पूरी नहीं होने पर खदान बंदी की चेतावनी
छत्तीसगढ़/कोरबा :- एसईसीएल गेवरा हाउस में चेयरमैन के आगमन के दौरान भू-विस्थापितों, ड्राइवरों और मजदूरों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर विरोध-प्रदर्शन किया। छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना (गैर-राजनीतिक संगठन) के प्रदेश उपाध्यक्ष उमागोपाल के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने मुख्य गेट पर नारेबाजी कर प्रबंधन को ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शनकारियों ने भू-विस्थापितों को बिना कटौती उचित मुआवजा, पुनर्वास, स्थानीय युवाओं को रोजगार तथा ठेका श्रमिकों को समय पर वेतन देने की मांग की। साथ ही खदानों में श्रमिकों की मौत के मामलों पर चिंता जताते हुए सुरक्षा मानकों का पालन कराने और श्रमिकों को पीएफ, दुर्घटना बीमा एवं स्वास्थ्य बीमा का लाभ देने की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि मांगों पर शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं होने पर व्यापक आंदोलन किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर खदान बंदी भी की जा सकती है।
प्रदर्शन में संगठन के अध्यक्ष महेंद्र कांत, कार्यकारिणी अध्यक्ष सुनील नायक, संगठन मंत्री प्रतीक राज एवं मुकेश यादव, सचिव प्रशांत राज, गजाधर राठौर, दया कश्यप, टीकाराम, जान सिंह, रामेश्वर पटेल, जोगेंद्र साहू, ध्रुव कुमार, ज्योति कंवर, अनिल सिंह सहित अन्य सेनानी उपस्थित रहे।












