HomeBreaking Newsउरगा पुलिस ने 20 लीटर महुआ शराब के साथ युवक को पकड़ा,...

उरगा पुलिस ने 20 लीटर महुआ शराब के साथ युवक को पकड़ा, स्कूटी जब्त

अवैध शराब परिवहन के आरोप में कार्रवाई, आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत उरगा पुलिस ने 20 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है। पुलिस ने शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही सफेद रंग की एक्टिवा स्कूटी भी जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

- Advertisement -

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 9 अक्टूबर को थाना प्रभारी उरगा निरीक्षक नवीन पटेल और उनकी टीम क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति सफेद एक्टिवा स्कूटी में कच्ची महुआ शराब लेकर बरबसपुर चौक से सीतामणी की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बरबसपुर चौक के पास घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ा।

20 लीटर शराब और स्कूटी जब्त

पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए व्यक्ति की पहचान राजू डे (35 वर्ष), निवासी गोमाता चौक, इमलीडुग्गू, थाना कोतवाली, जिला कोरबा के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से पारदर्शी पन्नी में भरी 20 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 2,000 रुपये बताई गई है। शराब के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही एक्टिवा स्कूटी क्रमांक CG 12 BR 8672 को भी जब्त किया गया।

आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, आरोपी शराब रखने और परिवहन के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद उसके विरुद्ध अपराध क्रमांक 561/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपी को 22 अक्टूबर 2026 तक न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

अवैध गतिविधियों की सूचना देने की अपील

कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि ऐसी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Must Read