सीतामढ़ी से 11 और राताखार से 3 वाहन जब्त, 8.63 लाख रुपये से अधिक की राशि वसूल
छत्तीसगढ़/कोरबा :- कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश तथा उप संचालक, खनि प्रशासन के मार्गदर्शन में जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए खनिज विभाग द्वारा लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। 
अभियान के तहत गठित खनिज उड़नदस्ता दलों ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जांच और कार्रवाई करते हुए सितंबर माह में रेत, मिट्टी और चूना पत्थर के अवैध परिवहन के 50 प्रकरण दर्ज किए। इनमें से 27 प्रकरणों का निराकरण करते हुए 7 लाख 28 हजार 390 रुपये की राशि वसूल कर खनिज मद में जमा कराई गई है। शेष प्रकरणों में कार्रवाई प्रक्रियाधीन है।
कार्रवाई के दौरान सीतामढ़ी में रेत का अवैध उत्खनन एवं परिवहन करते 11 वाहन तथा राताखार में रेत का अवैध परिवहन करते 3 वाहन जब्त किए गए। इसके अलावा मिट्टी और रेत के अवैध उत्खनन के 4 प्रकरण दर्ज कर 1 लाख 34 हजार 756 रुपये की राशि वसूल की गई।
इस तरह सितंबर माह में खनिज के अवैध उत्खनन एवं परिवहन के कुल 54 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इन प्रकरणों में अब तक कुल 8 लाख 63 हजार 146 रुपये की राशि वसूल कर खनिज मद में जमा कराई गई है।
खनिज विभाग के अनुसार अभियान का उद्देश्य जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना, प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा करना तथा शासकीय राजस्व की हानि को रोकना है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध खान और खनिज अधिनियम, छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम तथा अन्य वैधानिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध यह अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।












