जांच रिपोर्ट सामान्य आने के बाद भी बिगड़ी तबीयत, मुआवजा व जांच की मांग को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश
छत्तीसगढ़/कोरबा-हरदीबाजार :- ग्राम पंचायत रेकी निवासी 60 वर्षीय भगा बाई पति गौठिया पटेल की मंगलवार को हरदीबाजार स्थित अस्थाई शासकीय स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर आक्रोश जताया गया। परिजनों व ग्रामीणों ने उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की जांच और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की। 
बताया गया कि मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे भगा बाई तालाब से स्नान कर घर लौट रही थीं। इसी दौरान अचानक उनके शरीर में तेज दर्द और पीड़ा होने लगी। परिजन उन्हें तत्काल हरदीबाजार के अस्थाई स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। डॉक्टरों की सलाह पर ब्लड, बीपी सहित अन्य आवश्यक जांच कराई गई। परिजनों के अनुसार, बाहर से कराई गई जांचों की रिपोर्ट सामान्य आई थी और जांच के बाद महिला स्वयं पैदल चलकर स्वास्थ्य केंद्र के अंदर पहुंची थीं। इसके बाद उपचार शुरू किया गया, लेकिन कुछ घंटे बाद उनकी मौत हो गई।
महिला की मौत की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि हरदीबाजार के मूल अस्पताल भवन के ध्वस्तीकरण के बाद अस्थाई अस्पताल की व्यवस्था की गई थी, लेकिन यहां मरीजों को पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सामान्य जांचों के लिए भी मरीजों को बाहर जाना पड़ता है और आवश्यक दवाओं व उपचार की सुविधा को लेकर भी परेशानी बनी हुई है।
घटना के बाद बीएमओ और स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉक्टर के खिलाफ ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई। मौके पर पहुंचे तहसीलदार ने परिजनों और ग्रामीणों से चर्चा कर शव का पोस्टमार्टम कराने का सुझाव दिया, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। ग्रामीण पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने तथा पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदारी तय करने की मांग पर अड़े रहे।
शव को पाली ब्लॉक के सरकारी स्वास्थ्य केंद्र के फ्रीजर में रखा गया, जबकि सुरक्षा की दृष्टि से हरदीबाजार स्वास्थ्य केंद्र परिसर में पुलिस बल तैनात रहा। घटना की सूचना पर क्षेत्रीय विधायक प्रेमचंद पटेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष निकिता मुकेश जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान नरेश टंडन, अनिल टंडन, हरदीबाजार सरपंच लोकेश्वर कंवर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।












