123 गिरफ्तारी वारंट तामील, 22 स्थायी वारंटी गिरफ्तार; 190 आरोपियों की गिरफ्तारी और 72 लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
छत्तीसगढ़/कोरबा :- गणेश उत्सव एवं आगामी विसर्जन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस ने जिलेभर में “ऑपरेशन आघात” चलाकर अपराधियों, वारंटियों और संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की है। पिछले 10 दिनों के दौरान अभियान के तहत कुल 407 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान पुलिस ने लंबे समय से फरार आरोपियों और वारंटियों की तलाश के लिए विशेष टीमों के माध्यम से विभिन्न स्थानों पर दबिश दी। इस दौरान 123 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए, जबकि 22 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें वर्ष 2014 से लंबित स्थायी वारंट भी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, शरीर संबंधी एवं महिला संबंधी अपराधों सहित लंबित प्रकरणों में 190 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं गणेश उत्सव के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका वाले 72 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
पुलिस ने बताया कि गणेश उत्सव और आगामी विसर्जन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिले के सभी थाना क्षेत्रों में निगरानी और कार्रवाई लगातार जारी है। अभियान का उद्देश्य असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण रखते हुए आमजन के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना है।
ऑपरेशन आघात के तहत कार्रवाई एक नजर में—
- 123 गिरफ्तारी वारंट तामील
- 22 स्थायी वारंटी गिरफ्तार
- 190 आरोपियों की गिरफ्तारी
- 72 व्यक्तियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
- कुल 407 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई












