सेजेस के अपूर्ण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश, समय-सीमा की बैठक में विभागीय कार्यों की समीक्षा
छत्तीसगढ़/कोरबा :- कलेक्टर कुणाल दुदावत ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विभागीय कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने जनपद पंचायतों के सीईओ और निर्माण कार्यों की क्रियान्वयन एजेंसियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य स्वीकृत प्राक्कलन और निर्धारित मापदंडों के अनुरूप ही कराए जाएं। निर्माण कार्यों में गुणवत्तापूर्ण सामग्री के उपयोग और गुणवत्ता की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में निर्धारित मापदंडों का उल्लंघन या गुणवत्ताविहीन सामग्री के उपयोग की शिकायत अथवा जांच में पुष्टि होने पर जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गंभीर अनियमितता पाए जाने पर एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी।
उन्होंने जनपद पंचायतों के सीईओ को निर्देशित किया कि ग्राम पंचायतों द्वारा निर्माण कार्य पूर्ण किए जाने के बाद भुगतान संबंधी प्रकरणों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। बिना ठोस कारण दस्तावेज अथवा भुगतान रोकने और अनावश्यक विलंब की स्थिति में संबंधित लिपिक एवं जनपद सीईओ की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।
लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में करें निराकरण
बैठक में कलेक्टर ने समय-सीमा के लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की और अधिकारियों को निर्धारित समय में सभी मामलों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री धन-धान्य योजना के तहत प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने तथा किसानों को इसके लिए प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया। मत्स्य पालन एवं पशुधन चिकित्सा विभाग को लक्ष्य के अनुरूप किसानों के किसान क्रेडिट कार्ड तैयार कराने के निर्देश दिए गए।
माय भारत पोर्टल से अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ने और प्रश्नोत्तरी आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए। कौशल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान ड्रोन दीदी प्रशिक्षण सहित कृषि विज्ञान केंद्र के विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने कहा गया। कलेक्टर ने प्रशिक्षण के बाद हितग्राहियों को रोजगार एवं आजीविका से जोड़ने के प्रयास करने पर भी जोर दिया।
ई-ऑफिस और बायोमेट्रिक उपस्थिति पर जोर
कलेक्टर ने सभी जिला अधिकारियों को अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ई-एचआरएमएस और ई-ऑफिस में अनिवार्य रूप से ऑनबोर्ड कराने के निर्देश दिए। ऑनलाइन बायोमेट्रिक उपस्थिति की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को निर्धारित समय पर उपस्थिति दर्ज कराने कहा।
उन्होंने नियमित रूप से समय पर कार्यालय पहुंचने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों का ऑनलाइन उपस्थिति रिकॉर्ड निकालकर उत्कृष्ट समयपालन करने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहित एवं सम्मानित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में प्रधानमंत्री कार्यालय, मुख्यमंत्री जनदर्शन सहित अन्य महत्वपूर्ण एवं लंबित पत्रों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के साथ प्रकरणों का शीघ्र निराकरण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, निगमायुक्त आशुतोष पांडेय, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, ओएसडी तरुण कुमार किरण (आईएएस), एसडीएम कटघोरा विपिन दुबे (आईएएस) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।












