“साइबर सुरक्षा बंधन” के साथ मनाएं रक्षाबंधन, “जागरूकता की राखी” संग लें सेल्फी
छत्तीसगढ़/कोरबा :- रक्षाबंधन के पावन पर्व पर कोरबा पुलिस ने साइबर अपराधों से बचाव और डिजिटल सुरक्षा को लेकर अनूठी पहल शुरू की है। “साइबर जागृति अभियान” के तहत इस बार रक्षाबंधन को “साइबर सुरक्षा बंधन” की थीम से जोड़ा गया है। पुलिस का उद्देश्य त्योहार की खुशियों के साथ लोगों को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित और सतर्क रहने का संदेश देना है।
अभियान के तहत रक्षाबंधन के दिन चल रही “सेल्फी एक्टिविटी” को विशेष रूप दिया जाएगा। सेल्फी फ्रेम को रक्षाबंधन की थीम पर तैयार किया गया है, जिसमें साइबर अपराधों से बचाव के जरूरी संदेशों को “जागरूकता की राखी” के रूप में प्रदर्शित किया जाएगा।
सार्वजनिक स्थानों पर चलेगा जागरूकता अभियान
साइबर जागृति अभियान के अंतर्गत जिले के सार्वजनिक स्थानों, चौक-चौराहों, बाजारों और अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा। नागरिक QR कोड स्कैन कर “साइबर सुरक्षा बंधन” थीम वाले सेल्फी फ्रेम के साथ सेल्फी ले सकेंगे और उसे अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर कर सकेंगे।
राखी के साथ साइबर सुरक्षा का संकल्प
रक्षाबंधन विश्वास, अपनापन और सुरक्षा का प्रतीक है। कोरबा पुलिस ने इसी भावना को डिजिटल सुरक्षा से जोड़ते हुए नागरिकों से साइबर अपराधों के प्रति सजग रहने की अपील की है। पुलिस का संदेश है कि जिस तरह राखी अपनों की सुरक्षा और विश्वास का प्रतीक है, उसी तरह साइबर जागरूकता डिजिटल दुनिया में सुरक्षा की मजबूत कड़ी बन सकती है।
“रक्षाबंधन त्योहार के साथ साइबर सुरक्षा बंधन भी मनाएं।
‘जागरूकता की राखी’ संग सेल्फी लेकर,
अपनों को साइबर सुरक्षित बनाएं।”
कोरबा पुलिस ने आमजन से इस विशेष जागरूकता गतिविधि में अधिक से अधिक भाग लेने, सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर शेयर करने तथा परिवार, मित्रों और परिचितों को भी साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने की अपील की है। साथ ही नागरिकों से सोशल मीडिया पर कोरबा पुलिस को टैग करने का आग्रह किया गया है।

















