HomeBreaking Newsमहिला सुरक्षा के लिए कोरबा पुलिस की विशेष पहल, शुरू हुई पिंक...

महिला सुरक्षा के लिए कोरबा पुलिस की विशेष पहल, शुरू हुई पिंक पेट्रोलिंग

संवेदनशील क्षेत्रों, बाजारों और पिकनिक स्पॉट्स पर महिला पुलिसकर्मियों की रहेगी विशेष निगरानी

कोरबा। आगामी त्यौहारों को देखते हुए महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस ने विशेष पहल करते हुए पिंक पेट्रोलिंग” की शुरुआत की है। पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय से पिंक पेट्रोलिंग टीम को रवाना कर अभियान का शुभारंभ किया और पुलिस अधिकारियों एवं महिला पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

- Advertisement -

कोरबा पुलिस के अनुसार पिंक पेट्रोलिंग केवल शहर के बाजारों तक सीमित नहीं रहेगी। महिलाओं की सुरक्षा की दृष्टि से चिन्हित संवेदनशील क्षेत्रों, प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों, सार्वजनिक स्थलों, पिकनिक स्पॉट्स तथा महिलाओं एवं बालिकाओं की अधिक आवाजाही वाले क्षेत्रों में नियमित पेट्रोलिंग की जाएगी।   

महिला पुलिसकर्मियों की विशेष टीम रहेगी सक्रिय

पिंक पेट्रोलिंग टीम में महिला थाना सहित विभिन्न थानों एवं पुलिस इकाइयों में पदस्थ महिला पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया है। टीम संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखेगी और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराएगी।

अभियान के पहले दिन पिंक पेट्रोलिंग टीम ने प्रमुख बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। आगामी त्यौहारों के दौरान भी बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और पिकनिक स्पॉट्स पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

महिलाओं एवं बालिकाओं के साथ छेड़छाड़, पीछा करने अथवा अन्य असामाजिक गतिविधियों की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में शुभारंभ

पिंक पेट्रोलिंग के शुभारंभ अवसर पर एडिशनल एसपी श्री नितीश ठाकुर, सीएसपी श्री प्रतीक चतुर्वेदी, डीएसपी यातायात श्रीमती ज्योत्सना चौधरी, प्रशिक्षु पुलिस अधीक्षक सुश्री आस्था शर्मा एवं रक्षित निरीक्षक श्री अनथ राम पैकरा मौजूद रहे।

वहीं महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक श्रीमती रश्मि थॉमस एवं सुश्री सौम्या सरस्वती कौशिक द्वारा पिंक पेट्रोलिंग टीम का नेतृत्व किया जा रहा है।

कोरबा पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा या परेशानी महसूस होने पर तत्काल पुलिस से संपर्क करें। शिकायतों पर पुलिस द्वारा संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

कोरबा पुलिस
सजग कोरबा – सतर्क कोरबा

Must Read