HomeBreaking Newsनगरीय निकायों के कार्यों में तेजी लाने कलेक्टर के निर्देश

नगरीय निकायों के कार्यों में तेजी लाने कलेक्टर के निर्देश

पीएम आवास, अमृत मिशन, स्वच्छता और अधोसंरचना कार्यों की समीक्षा; आवारा मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर व्यवस्थापित करने कहा

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  नगरीय निकायों में संचालित योजनाओं और विकास कार्यों को समय-सीमा में पूरा कराने को लेकर कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में नगरीय निकाय विभाग की मासिक समीक्षा बैठक लेकर प्रधानमंत्री आवास योजना, अमृत मिशन, स्वच्छता, राजस्व वसूली और विभिन्न अधोसंरचना कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

- Advertisement -

कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के तहत नगर निगम कोरबा सहित सभी नगरीय निकायों में आवास निर्माण की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने अप्रारंभ आवासों का निर्माण तत्काल शुरू कराने तथा निर्माणाधीन आवासों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने कहा। अमृत मिशन 2.0 के स्वीकृत कार्यों को भी प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए गए।

कचरा प्रबंधन और कर वसूली पर जोर

स्वच्छ भारत मिशन के तहत सूखे और गीले कचरे के पृथक्करण एवं बेहतर प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने कहा गया। कलेक्टर ने सभी नगरीय निकायों में स्थापित एसएलआरएम सेंटरों का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

वहीं नगरीय निकायों की राजस्व कर वसूली की समीक्षा करते हुए उन्होंने वसूली की गति बढ़ाने और निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने कहा। अधिकारियों को नियमित निगरानी के साथ राजस्व संग्रहण में अपेक्षित प्रगति लाने के निर्देश दिए गए।

अधूरे निर्माण कार्य जल्द पूरे करने के निर्देश

बैठक में वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 के स्वीकृत, प्रगतिरत, अपूर्ण और अप्रारंभ अधोसंरचना कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अप्रारंभ कार्य तत्काल शुरू कराने, प्रगतिरत कार्यों में तेजी लाने तथा पूर्णता के करीब पहुंच चुके कार्यों को शीघ्र पूरा कराने कहा।

उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। 15वें वित्त एवं नगरीय क्षेत्रों में डीएमएफ से स्वीकृत कार्यों को भी समय-सीमा में पूरा कराने पर जोर दिया गया।

स्कूल, आंगनबाड़ी और शौचालय निर्माण को प्राथमिकता

कलेक्टर ने नगरीय निकायों में निर्माणाधीन स्कूल भवन, आंगनबाड़ी केंद्र और शौचालय निर्माण के कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए। सांसद मद, प्रभारी मंत्री मद, विधायक मद और प्राधिकरण के अंतर्गत स्वीकृत एवं प्रगतिरत कार्यों को भी जल्द पूरा कराने कहा गया।

मुख्यमंत्री घोषणा से संबंधित कार्यों के लिए आवश्यक स्वीकृतियां शीघ्र प्राप्त करने तथा प्रगतिरत कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।

आवारा मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने कहा

कलेक्टर ने नगरोत्थान योजना के तहत नालंदा परिसर विकास सहित अन्य स्वीकृत कार्यों को गति देने कहा। प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के संचालन के लिए रूट निर्धारण संबंधी स्वीकृति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने गो-धाम योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा सड़कों पर घूमने वाले आवारा मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर व्यवस्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था के साथ-साथ पशुओं की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके।

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के आवेदनों का समय पर हो निराकरण

बैठक में पेंशन से संबंधित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण पर भी जोर दिया गया। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी जोन कमिश्नरों एवं नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने कहा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के निराकरण में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और प्रत्येक आवेदन पर प्रभावी कार्रवाई की जाए। कलेक्टर ने अधिकारियों को शासन की योजनाओं एवं स्वीकृत विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए मैदानी स्तर पर प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि नगरीय क्षेत्रों के नागरिकों को विकास कार्यों का लाभ समय पर मिल सके।

बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय, अपर आयुक्त श्री विनय मिश्रा, सभी जोन कमिश्नर, नगरीय निकायों के सीएमओ, उप अभियंता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Must Read