समय-सीमा बैठक में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने विभागीय कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए समयबद्ध निराकरण के निर्देश
छत्तीसगढ़/कोरबा :- कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं और विभागीय कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने लंबित प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के साथ आमजन से जुड़ी शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण समाधान पर विशेष जोर दिया।
कलेक्टर ने बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की स्थिति की समीक्षा करते हुए लोक निर्माण विभाग, सेतु विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, नगरीय निकायों और जनपद पंचायतों के अधिकारियों को खराब सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवागमन और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चिन्हांकित सड़कों की मरम्मत में किसी तरह की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का हो गुणवत्तापूर्ण निराकरण
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का केवल औपचारिक निराकरण न किया जाए, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक और संतोषजनक समाधान मिले। उन्होंने लंबित शिकायतों की नियमित समीक्षा करने तथा निर्धारित समय-सीमा में निराकरण नहीं करने वाले विभागों को शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, राजस्व सहित सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों को ई-एचआरएमएस पोर्टल पर आवश्यक जानकारी दर्ज कर शीघ्र ऑनबोर्ड कराने के निर्देश भी दिए।
वंचित किसानों का एग्रीस्टेक में कराया जाए पंजीयन
बैठक में एग्रीस्टेक पंजीयन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने शत-प्रतिशत किसानों का पंजीयन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने पंजीयन से वंचित किसानों का ग्रामवार चिन्हांकन कर अभियान चलाकर शीघ्र पंजीयन कराने के निर्देश दिए। वनाधिकार पट्टाधारी हितग्राहियों की सूची भी अद्यतन करने को कहा, ताकि पात्र हितग्राहियों का एग्रीस्टेक पोर्टल पर समयबद्ध पंजीयन हो सके।
डिजिटल क्रॉप सर्वे में तेजी के निर्देश
कलेक्टर ने डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी गांवों में सर्वे कार्य को निर्धारित समय-सीमा में शत-प्रतिशत पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पटवारियों के लिए लक्ष्य निर्धारित कर नियमित मॉनिटरिंग करने तथा जिन गांवों में सर्वे कार्य शेष है, वहां विशेष टीम गठित कर प्राथमिकता से कार्य पूर्ण कराने को कहा।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि डिजिटल क्रॉप सर्वे शासन की प्राथमिकता का कार्य है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को प्रत्येक ग्राम की प्रगति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।
पीएम धन-धान्य योजना के सभी सूचकांकों में प्रगति पर जोर
कलेक्टर ने पीएम धन-धान्य योजना के सभी सूचकांकों में अपेक्षित प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कृषि विभाग को एक्सटेंशन वर्कर और किसानों का कृषक विज्ञान केंद्र के माध्यम से प्रशिक्षण शीघ्र पूर्ण कराने तथा किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक एवं उन्नत कृषि पद्धतियों की जानकारी उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
मत्स्य विभाग को एफपीओ गठन में तेजी लाने तथा मत्स्य पालकों को किसान क्रेडिट कार्ड का लाभ दिलाने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि योजना के बेहतर क्रियान्वयन के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और जिन सूचकांकों में प्रगति कम है, उनमें विशेष प्रयास किए जाएं।
बैठक में मुख्यमंत्री घोषणा, सुशासन तिहार, कलेक्टर जनदर्शन, पीजीएन पोर्टल, लोक सेवा गारंटी अधिनियम और विभिन्न जन शिकायतों के निराकरण की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य आमजन को त्वरित, सुगम और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराना है। सभी अधिकारी जनहित से जुड़े मामलों का संवेदनशीलता और तत्परता के साथ निराकरण सुनिश्चित करें।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रतीक जैन, वनमंडलाधिकारी कटघोरा श्री जितेंद्र उपाध्याय, ओएसडी श्री तरुण कुमार किरण, अपर कलेक्टर श्री देवेंद्र पटेल सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

















