HomeBreaking Newsमिनीमाता बांगो बांध का जलस्तर 93.18% पहुंचा, 20,613 क्यूसेक पानी हसदेव नदी...

मिनीमाता बांगो बांध का जलस्तर 93.18% पहुंचा, 20,613 क्यूसेक पानी हसदेव नदी में छोड़ा जा रहा

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  लगातार हो रही बारिश और तेज आवक के चलते मिनीमाता बांगो बांध में पानी की आवक एक बार फिर बढ़ गई है। मंगलवार 25 अगस्त की सुबह 8 बजे बांध का जलस्तर 358.52 मीटर, यानी 93.18 प्रतिशत दर्ज किया गया। सोमवार शाम 4:30 बजे से मंगलवार सुबह 8 बजे तक बांध में 41,087 क्यूसेक पानी की आवक दर्ज होने के बाद जल प्रबंधन को लेकर प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है।

- Advertisement -

मुख्य अभियंता बिलासपुर एवं अधीक्षण अभियंता कोरबा से चर्चा और अनुमति के बाद बांध के पांच रेडियल गेटों को नियंत्रित रूप से खोलकर अतिरिक्त पानी की निकासी की जा रही है। वर्तमान में गेट नंबर-4 को 0.20 मीटर, गेट नंबर-5 को 0.40 मीटर, गेट नंबर-6 को 0.80 मीटर, गेट नंबर-7 को 0.40 मीटर तथा गेट नंबर-8 को 0.20 मीटर खोला गया है। इन गेटों की कुल ओपनिंग 2.0 मीटर है।

रेडियल गेटों के माध्यम से करीब 11,613 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है, जबकि पावर प्लांट हाइडल के जरिए 9,000 क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही है। इस तरह बांध से कुल 20,613 क्यूसेक पानी हसदेव नदी में छोड़ा जा रहा है।

बांध में लगातार बढ़ रही पानी की आवक और जलस्तर को देखते हुए हसदेव नदी के आसपास के क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। जलस्तर में वृद्धि के बीच बांध प्रबंधन द्वारा पानी की निकासी को नियंत्रित रखते हुए स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। बांध प्रबंधन के अनुसार जलस्तर और आवक की स्थिति के आधार पर गेटों की ओपनिंग में आगे आवश्यक बदलाव किया जा सकता है।

Must Read