सरपंच सम्मेलन सह प्रशिक्षण में पंचायत प्रतिनिधियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का दिया गया प्रशिक्षण
छत्तीसगढ़/कोरबा :- गांवों के समग्र विकास को गति देने और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला पंचायत सभागार में सरपंच सम्मेलन सह प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा के सरपंचों ने भाग लिया। इस दौरान पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया। 
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन ने सरपंचों को संबोधित करते हुए कहा कि गांवों का विकास ही समग्र विकास की आधारशिला है। सरपंच शासन और ग्रामीणों के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। ऐसे में पंचायत प्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे शासन की योजनाओं की पूरी जानकारी प्राप्त कर पात्र हितग्राहियों तक उसका लाभ पहुंचाएं।
अधोसंरचना के साथ रोजगारमूलक कार्यों पर जोर
सीईओ ने विकसित भारत-जी राम जी योजना के तहत बालिका शौचालय, मुक्तिधाम, बोरवेल सहित अन्य अधोसंरचना निर्माण के लिए ग्राम सभा के माध्यम से कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्धारित 60:40 के अनुपात को बनाए रखने तथा निर्माण कार्यों के साथ मिट्टीमूलक कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के संबंध में उन्होंने बताया कि पात्र हितग्राहियों का चयन ग्राम सभा के माध्यम से किया जाता है। उन्होंने पीएम जनमन आवासों को प्राथमिकता से पूर्ण कराने के लिए सरपंचों को प्रेरित किया।
महिलाओं की आजीविका और स्वच्छता पर विशेष फोकस
प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को एनआरएलएम के स्व-सहायता समूहों से जोड़कर आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा देने की बात कही गई। वहीं स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत ग्रे-वाटर प्रबंधन और कचरा संग्रहण व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया।
सीईओ ने आंगनबाड़ी केंद्रों में आकर्षक एवं एकरूप रंग-रोगन के साथ आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, विभिन्न योजनाओं के अभिसरण से विकास कार्य कराने तथा ग्राम पंचायतों की आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित करने के लिए भी सरपंचों को प्रोत्साहित किया गया।
पंचायत प्रतिनिधियों की क्षमता वृद्धि पर जोर
सम्मेलन सह प्रशिक्षण का उद्देश्य पंचायत प्रतिनिधियों की क्षमता में वृद्धि के साथ ग्रामीण रोजगार, कौशल विकास, स्वरोजगार एवं आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा देना रहा। प्रशिक्षण में उपसंचालक पंचायत मिथलेश किसान सहित जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा के सरपंच उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले कोरबा, करतला, कटघोरा और पाली जनपद पंचायतों के सरपंचों का प्रशिक्षण भी सम्पन्न हो चुका है। प्रशिक्षण के माध्यम से पंचायत प्रतिनिधियों को योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया जा रहा है।

















