जनसंवाद 2.0 में रोजगार अधिकार, पंचायत से संवाद और ग्राम विकास में जनभागीदारी पर जोर
कोरबा, 21 अगस्त 2026। जिले की ग्राम पंचायतों में 20 अगस्त को ‘जनसंवाद 2.0—विकसित भारत ग्राम संकल्प’ कार्यक्रम के तहत ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन के मार्गदर्शन में आयोजित इन ग्राम सभाओं में ग्रामीणों को उनके अधिकारों, रोजगार, पंचायत स्तर पर विकास की प्रक्रिया और जनभागीदारी के महत्व की जानकारी दी गई। 
कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को ग्राम विकास की योजना और निर्णय प्रक्रिया से सीधे जोड़ते हुए सामुदायिक स्वामित्व एवं सहभागिता को मजबूत करना रहा। ग्राम सभाओं में ग्रामीणों ने अपने गांव की जरूरतों और प्राथमिकताओं को लेकर खुलकर सुझाव दिए तथा विकसित गांव और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लिया। 
वोटिंग वॉल से ग्रामीणों ने चुनी विकास की प्राथमिकताएं
कार्यक्रम में वोटिंग वॉल के माध्यम से ग्रामीणों से गांव के लिए आवश्यक विकास कार्यों पर राय ली गई। जल संरक्षण, खेत-तालाब, ग्रामीण सड़क, वृक्षारोपण, आजीविका आधारित कार्य तथा सामुदायिक परिसंपत्तियों जैसे विषयों पर ग्रामीणों ने अपनी प्राथमिकताएं दर्ज कीं। सर्वाधिक मत प्राप्त तीन प्राथमिकताओं को चिन्हित कर ग्राम सभा के अभिलेख में शामिल किया गया। 
‘125 दिन रोजगार—मेरा अधिकार’ की ली सामूहिक शपथ
ग्रामीणों ने रोजगार, पारदर्शिता और जनभागीदारी से जुड़े अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा ग्राम विकास के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने की सामूहिक शपथ ली। इस दौरान रोजगार के अवसरों और पंचायत स्तर पर उपलब्ध योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई।
सवाल ग्रामीणों के, जवाब पंचायत के
‘जनता पूछे, पंचायत बताए’ संवाद मंच कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा। ग्रामीणों ने रोजगार की मांग करने की प्रक्रिया, 125 दिनों के रोजगार की गारंटी, मजदूरी भुगतान, शिकायत निवारण तथा विकसित ग्राम पंचायत योजना से जुड़े सवाल पूछे। पंचायत प्रतिनिधियों और संबंधित कर्मचारियों ने ग्रामीणों की जिज्ञासाओं का सरल भाषा में समाधान किया।
संदेश कार्ड में लिखे गांव के सपने
कार्यक्रम के दौरान परिवारों को विकसित भारत संदेश कार्ड दिए गए। ग्रामीणों ने इन कार्डों में अपने गांव में अपेक्षित विकास और बदलाव से जुड़े सुझाव दर्ज किए। प्राप्त सुझावों को संकलित कर आगामी विकसित ग्राम पंचायत योजना में उपयोग के लिए सुरक्षित रखा गया। 
तिरंगे के साथ दिया विकसित गांव का संदेश
ग्राम सभा के समापन अवसर पर ग्रामीणों ने तिरंगा हाथ में लेकर ‘मेरा संकल्प—विकसित गांव, विकसित भारत’ का संदेश दिया। इस दौरान राष्ट्रभक्ति की भावना को ग्राम विकास और विकसित भारत के संकल्प से जोड़ा गया।
जनसंवाद 2.0 के माध्यम से ग्राम सभाओं को केवल औपचारिक बैठक के बजाय ग्रामीणों की आवाज, सुझाव और विकास की प्राथमिकताएं तय करने का प्रभावी मंच बनाने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम ने गांव के विकास में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी को नई दिशा देने का संदेश दिया।

















